दुर्ग में तालाब में उतरे 150 NHM कर्मचारी:कहा- सरकार अब भी हमारी मांगे नहीं सुनेगी तो करेंगे उग्र आंदोलन
By Dinesh chourasiya

दुर्ग में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के कर्मचारी हड़ताल को 23 दिन हो गए हैं। सरकार की चुप्पी से नाराज कर्मचारियों ने मंगलवार को आंदोलन को नया मोड़ देते हुए तालाब में उतरकर जल सत्याग्रह किया। दुर्ग के शीतला मंदिर तालाब में 150 से ज्यादा कर्मचारी “रघुपति राघव राजा राम” गाते और जोरदार नारेबाजी करते नजर आए। बड़ी संख्या में महिला कर्मचारी भी तालाब में उतरीं।

दुर्ग जिला अध्यक्ष डॉ. आलोक शर्मा ने कहा कि यह आंदोलन अब सिर्फ विरोध तक सीमित नहीं है, बल्कि जनआक्रोश बन चुका है। लगातार 23 दिनों से कर्मचारी सरकार से मांग कर रहे हैं, लेकिन अनसुनी के कारण अब उग्रता बढ़ती जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि आने वाले दिनों में और कठोर कदम उठाए जाएंगे।







23 दिनों में अलग-अलग अंदाज में जताया गुस्सा इस आंदोलन के दौरान कर्मचारियों ने सरकार तक संदेश पहुंचाने कई अलग तरीके अपनाए। गणेश पूजा के दिन ‘सद्बुद्धि यज्ञ’ किया गया, संविदा कुप्रथा की शवयात्रा निकाली गई, पुतला दहन हुआ, तीज पर मेहंदी लगाई गई और नेताओं के मुखौटे पहनकर प्रदर्शन किया गया। कई कर्मचारियों ने तो अपने बाल दान कर आक्रोश जताया। डॉ. शर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं अब वेंटिलेटर पर पहुंच चुकी हैं। उन्होंने सरकार से जल्द फैसला लेकर हड़ताल समाप्त कराने की मांग की।




