CG में 9 साल की बच्ची को किडनैप कर रेप:आधीरात घर में घुसकर उठा ले गया आरोपी, महीनेभर पहले बड़ी बहन से भी रेप की वारदात
By Dinesh chourasiya
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक आरोपी ने 9 साल की बच्ची को अगवा कर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी युवक आधी रात को बच्ची को उसके घर से उठाकर ले गया। मासूम बच्ची अगले दिन जंगल में मिली। घटना सिविल लाइंस इलाके की है।
मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस ने मासूम बच्ची को जंगल से बरामद किया है। बच्ची के प्राइवेट पार्ट में चोट के निशान मिले हैं। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। इससे एक महीने पहले मासूम बच्ची की बड़ी बहन से भी रेप हो चुका है। आरोपी रेप और किडनैपिंग केस में जेल में बंद है।








सुबह पीड़ित परिवार ने शिकायत दर्ज कराई
परिजनों को खोजबीन के दौरान आंगन में किसी भारी सामान के गिरे होने के निशान मिले। उन्होंने अपने स्तर पर खोजबीन शुरू की, लेकिन किसी तरह का सुराग हाथ नहीं लगा। आखिरकार पीड़ित परिवार शनिवार सुबह थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई।

बच्ची को जंगल से सुरक्षित खोज निकाला




जैसे ही अपहरण की खबर मिली एसपी ने कार्रवाई के निर्देश जारी कर दिए। एएसपी नीतिश ठाकुर और सीएसपी कोरबा भूषण एक्का के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी प्रमोद डनसेना के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीम ने नाबालिग की खोजबीन शुरू की। लगातार प्रयास के बाद पुलिस ने बच्ची को दादर के जंगल से सुरक्षित खोज निकाला।
नाबालिग से पूछताछ के बाद आरोपी को पकड़ा गया
नाबालिग से पूछताछ के बाद वैधानिक कार्रवाई की गई। बच्ची से पूछताछ में आरोपी की पहचान दशरथ सिदार (19 वर्ष) निवासी पोड़ीबहार के रूप में हुई। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपहरण का अपराध स्वीकार किया। वह बहला-फुसला कर बच्ची को अपने साथ ले गया था।

एक महीने पहले बड़ी बेटी से हुआ था रेप
जानकारी के मुताबिक महिला रोजी मजदूरी कर दोनों बेटियों का भरण-पोषण करते आ रही है। एक महीने पहले ही उसकी बड़ी बेटी के साथ भी रेप की घटना हुई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायिक रिमांड में जेल भेज दिया था। इस बार उसकी छोटी बेटी के अपहरण का मामला सामने आया है।
आरोपी युवक को भेजा गया जेल
कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि आरोपी दशरथ सिदार को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। साथ ही उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध जानकारी मिलने पर तत्काल स्थानीय थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें।




