
छत्तीसगढ़ के 5 जिलों में यलो अलर्ट जारी, बस्तर-दंतेवाड़ा सुकमा-कोंडागांव में बारिश की संभावना, 11 जून से प्रदेश भर में मानसून की रफ्तार पकड़ेगी
By Dinesh chourasiya
छत्तीसगढ़ में कल यानी 10 जून के बाद बारिश की गतिविधियों में तेजी आएगी। प्रदेश में अभी एक से दो दिन तक मौसम ड्राई रहेगा। इसके बाद गरज-चमक के साथ प्रदेश भर में बारिश होगी। लेकिन इससे पहले प्रदेश का औसत तापमान एक से दो डिग्री और बढ़ सकता है। मौसम विभाग की माने तो आज और कल मध्य छत्तीसगढ़ में टेम्प्रेचर 41-43 डिग्री तक पहुंच सकता है।
दरअसल, मानसून को आगे बढ़ाने वाले दोनों बड़े सिस्टम बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आने वाली हवाएं फिलहाल कमजोर पड़ गई हैं। इसका असर ये हुआ है कि मानसून नारायणपुर और कोंडागांव से आगे नहीं बढ़ पा रहा है। बस्तर में अटक गया है।







इस बीच मौसम विभाग ने आज बस्तर संभाग के बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव और सुकमा में थंडर स्टॉर्म का यलो अलर्ट जारी किया है। यहां गरज-चमक के साथ 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। बिजली गिर सकती है। अन्य जिलों में मौसम सामान्य रहेगा। रविवार को रायपुर 42.2°C के साथ सबसे गर्म रहा।
बस्तर में 37.6 मिलीमीटर बारिश
बारिश की स्थिति की बात करें तो रविवार को बस्तर में 37.6 MM, दंतेवाड़ा में 20.0 MM, जशपुर और गरियाबंद में 10 MM बारिश हुई है।




जून में पिछले 7 दिन में 30 फीसदी कम बारिश
पिछले माह लगातार बने सिस्टम और करीब 14 दिन पहले आए मानसून ने पूरे छत्तीसगढ़ में मई महीने में जमकर बारिश कराई। इस दौरान औसत से 373 फीसदी ज्यादा पानी गिर गया। इसके बाद से मानसून पिछले करीब 12 दिनों से ठहरा है। यह आगे ही नहीं बढ़ रहा है।
इस वजह से जून का पहला सप्ताह लगभग सूखा बीत गया। पिछले सात दिनों में हुई बारिश औसत से 30 फीसदी कम है।
22 मई से 28 मई के बीच 53.51 मिमी बारिश
छत्तीसगढ़ में 22 मई से 28 मई के बीच 53.51 मिलीमीटर औसत बारिश हो चुकी है। प्रदेश में मानसून में औसतन 1200 मिलीमीटर पानी बरसता है। पिछले साल 1276.3 MM पानी गिरा था।
सप्ताह भर में थम गया मानसून
पिछले सात दिन में बारिश की रफ्तार लगातार फ्लेक्चुएट होती रही है। जहां रविवार 1 जून को 33 जगहों पर बारिश हुई। सोमवार को सिर्फ तीन जगहों और मंगलवार को केवल एक ही जगह पर बारिश हुई। वहीं 4 मई बुधवार और 5 मई गुरुवार को कहीं भी बारिश नहीं हुई।
शुक्रवार यानी 6 मई को पांच जिलों में बारिश हुई। वहीं शनिवार को सिर्फ एक और रविवार यानी 8 मई को चार जिलों में न्यूनतम 10 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।




