रायपुर में कारोबारी का बेटा निकला iPhone चोर:हॉलीवुड फिल्में देखकर 9 मिनट में रिलायंस-स्टोर से 17 आईफोन चुराए, खरीदने वाला भी गिरफ्तार
By Dinesh chourasiya
रायपुर में कारोबारी के बेटे ने हॉलीवुड फिल्में देखकर कम समय में सफाई से चोरी करने का तरीका सीखा, फिर रिलायंस डिजिटल स्टोर से 9 मिनट में 17 आईफोन चोरी कर लिए। उससे जिस-जिस ने चोरी के सस्ते आईफोन खरीदे वो एक-एक कर गिरफ्तार होते गए। मामला सरस्वती नगर थाने का है।
सरस्वती नगर थाना प्रभारी रविंद्र यादव के मुताबिक, जीई रोड अनुपम गार्डन के सामने स्थित रिलायंस रिटेल लिमिटेड में 25-26 मई की दरमियानी रात करीब डेढ़ बजे एक चोर स्टोर का फ्रंट कांच तोड़कर अंदर घुसा। वो एप्पल के काउंटर के पास पहुंचकर करीब 17 सील पैक आईफोन थैले में भरकर भाग गया।







बिना बिल आईफोन बेचने निकला
आसपास से गुजर रहे लोगों ने उसे भागते देखा तो पुलिस को सूचना दी। क्राइम ब्रांच और सरस्वती नगर पुलिस की सयुंक्त टीम ने छानबीन शुरू की। पुलिस को मौके पर एक स्कूटी भी मिली, जिसे चोर अपने साथ लेकर आया था। भागने के दौरान चाबी गिरने से वो स्कूटी छोड़ दिया था।
शुरुआती जांच में पता चला कि, यह स्कूटी चौबे कॉलोनी से चुराई गई है। पुलिस सीसीटीवी कैमरे की मदद से चोर के भागने के रूट की जांच की। इस बीच पुलिस को सूचना मिली कि, एक युवक शहर में सील पैक आईफोन बेचने की फिराक में है।




आरोपी के पिता हैं कारोबारी
पुलिस कई लोगों से पूछताछ करते हुए आरोपी तक पहुंच गई। पता चला कि वो चौबे कॉलोनी का निवासी मयंक दीक्षित है। उसके पिता कारोबारी हैं। जिनका क्रेन और हैवी मशीनरी से जुड़ा काम है। पुलिस को आश्चर्य हुआ कि इस संपन्न घर के युवक ने आखिर चोरी क्यों की ?
हॉलीवुड फिल्में देखकर लगा चोरी आसान है
पुलिस ने बताया कि, युवक को हॉलीवुड फिल्में देखने का शौक है। उसे लगा कि चोरी करना आसान है। इसके लिए उसने इंटरनेट से भी चोरी के कई पैटर्न देखे। उसने कम समय में किस तरह चोरी की जाए इसकी साजिश रची। रिलायंस स्टोर घर से करीब था, इसलिए उसे टारगेट मिल गया।
रिलायंस स्टोर के बाजू में एक अन्य शोरूम में रिपेयरिंग काम चल रहा था। जहां जमीन से लेकर ऊपर तक बांस बंधा था। तो वह बांस के सहारे पहली मंजिल पर पहुंच गया। फिर एक हथौड़ी की मदद से सामने का कांच तोड़ा और शोरूम के उपरी मंजिल से नीचे ग्राउंड फ्लोर में उतरकर चोरी की।
बताया जा रहा है कि युवक जिस स्कूटी में आया था, वो भी उसी की थी। हालांकि इस बात की फिलहाल पुष्टि नहीं हुई है।
21 लाख का माल बरामद
आरोपी ने स्टोर से करीब 17 आईफोन चोरी किए थे। जिसे बेचने के लिए वो शहर के कई दुकानदारों और लोगों से संपर्क किया। इन्हीं में से एक व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दे दी, जिससे आरोपी फंस गया। इसके अलावा जिन-जिन लोगों ने आरोपी के पास से आईफोन खरीदा उनमें कई दुकानदार भी हैं।
पुलिस ने कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। फिलहाल, पुलिस ने 21 लाख रुपए का माल बरामद कर लिया है।

ये हैं गिरफ्तार आरोपी
- मुख्य आरोपी मयंक दीक्षित (21) निवासी चौबे कॉलोनी रायपुर।
- अमित अग्रवाल (44) निवासी समता कॉलोनी रायपुर।
- निखिल गर्ग (29) निवासी शंकर नगर रायपुर।
- चंदन वर्मा (19) निवासी गुढ़यारी रायपुर।
- आशीष लखवानी (29) निवासी लाखे नगर चौक रायपुर।





