Uncategorized

भूपेश बघेल के घर ED की रेड..बाहर समर्थकों का बवाल:नोट गिनने की मशीन मंगाने के दौरान कार पर पथराव; कल कांग्रेस करेगी पुतला दहन

By Dinesh chourasiya

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और AICC महासचिव भूपेश बघेल और बेटे चैतन्य के घर पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने छापेमारी की है। शराब घोटाला को लेकर ये कार्रवाई की जा रही है। उनके भिलाई-3 पदुमनगर स्थित घर पर आज (सोमवार) सुबह चार गाड़ियों में टीम पहुंची। कार्रवाई के बीच नोट गिनने और सोना जांचने की मशीनें भी मंगाई गई है।

इस बीच ED की कार पर बाहर कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। सुरक्षा में लगे जवान भी भागते दिखे। ED के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ता अधिकारियों की कार को रोकते भी दिखे। इस बीच उनकी पुलिस से झड़प हुई है। कल कांग्रेस प्रदेशभर में ED की कार्रवाई के विरोध में भाजपा और ईडी का पुतला दहन करेगी।

कार्रवाई और बवाल की तस्वीरें देखिए-

 

 

कार को रोकने के दौरान कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प भी हुई है।

14 जगहों पर छापे पड़े

चैतन्य बघेल से जुड़े कई ठिकानों समेत 14 जगहों पर छापे पड़े हैं। 2100 करोड़ रुपए के शराब घोटाले में चैतन्य बघेल को भी लाभ पहुंचाने का दावा किया गया है। चैतन्य के करीबी और सहयोगी लक्ष्मीनारायण बंसल और ​पप्पू बंसल के ठिकानों पर भी कार्रवाई चल रही है।

इसके अलावा भिलाई के नेहरू नगर में मनोज राजपूत, चरोदा में अभिषेक ठाकुर और संदीप सिंह, कमल अग्रवाल किशोर राइस मिल दुर्ग, सुनील अग्रवाल सहेली ज्वेलर्स दुर्ग और बिल्डर अजय चौहान के यहां भी ED की कार्रवाई चल रही है।

भूपेश बघेल के भिलाई स्थित निवास पर बड़ी संख्या में फोर्स तैनात है।

भूपेश के घर के बाहर समर्थकों की भीड़, कार्रवाई का विरोध

भिलाई के पदुमनगर स्थित भूपेश बघेल के घर के बाहर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद हैं। ये सभी ED की कार्रवाई का विरोध कर रहे हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के मुताबिक प्रदेश के गृहमंत्री सवालों से घिरे हुए हैं, विधानसभा में सवालों का कोई जवाब नहीं दे पा रहे हैं। इसलिए भूपेश बघेल के खिलाफ ED का दुरुपयोग कर रहे हैं।

ईडी की कार्रवाई पर नेताओं ने क्या कहा पढ़िए

पंजाब में कांग्रेस को रोकने का प्रयास

इस छापे के बाद भूपेश बघेल के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट किया गया है कि, सात वर्षों से चले आ रहे झूठे केस को जब कोर्ट में बर्खास्त कर दिया गया तो ED के मेहमानों ने पूर्व CM के घर पर दबिश दी है। इस षड्यंत्र से कोई पंजाब में कांग्रेस को रोकने का प्रयास कर रहा है, तो यह गलतफहमी है।

छत्तीसगढ़ कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि, भाजपा के इशारे पर ED कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के भिलाई निवास पर पहुंची है।

ना डरे हैं, ना डरेंगे- पवन खेड़ा

कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा कि, आज जब संसद का सत्र शुरू हो रहा है, चारों तरफ से घिरी हुई भाजपा ने हेडलाइन बदलने के लिए, देश का ध्यान टैरिफ, गिरती हुई अर्थव्यवस्था, वोटर्स लिस्ट फ्रॉड से भटकाने के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल के घर पर ED की रेड करवा दी। भाजपा को समझ लेना चाहिए कि वह ना कांग्रेस को रोक पाएगी, ना हमारे किसी भी नेता को। ना डरे हैं, ना डरेंगे।

विपक्ष के नेताओं को डराने का प्रयास- सचिन पायलट

छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट ने कहा कि, भूपेश बघेल के यहां ED का छापा केंद्र सरकार की राजनीतिक प्रतिशोध को उजागर करता है। भाजपा ED, CBI जैसी एजेंसियों को विपक्ष के नेताओं को डराने और दबाने के लिए इस्तेमाल कर रही है।

नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने कहा-

QuoteImage

सभी कांग्रेसजन भूपेश बघेल के साथ हैं और इससे डरने वाले नहीं हैं। बापू के मार्गदर्शन सत्य अहिंसा को मानने वाले लोग हैं, इस संघर्ष को परास्त करके रहेंगे।

QuoteImage

Related Articles

Back to top button