दुर्ग के अंजोरा में सरपंच पद का शपथ ग्रहण कार्यक्रम रुका:हारे हुए पंच प्रत्याशियों को दिया गया जीत का सर्टिफिकेट
By Dinesh chourasiya

दुर्ग जिले में हुए ग्राम पंचायत चुनाव के बाद सोमवार को सभी सरपंच और पंचों का शपथ ग्रहण समारोह था। अंजोरा गांव के नव निर्वाचित सरपंच ने शपथ लेने से ही मना कर दिया। उसने आरोप लगाया यहां हारे हुए पंच प्रत्याशियों को जीत का सर्टिफिकेट दिया गया है।
निर्वाचन अधिकारियों की इतनी बड़ी लापरवाही से गांव के सरपंच सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण नाराज है। नवनिर्वाचित सरपंच और उसके साथ गांव के लोग बड़ी संख्या में सोमवार को दुर्ग कलेक्टोरेट पहुंचे। उन्होंने कलेक्टर के नाम से एसडीएम उत्तम ध्रुव को ज्ञापन सौंपा और लापरवाही करने वाले निर्वाचन अधिकारी पर कार्रवाई की मांग की।







इस दौरान अंजोरा के पूर्व सरपंच सुमरन साहू भी वहां मौजद रहे। उन्होंने कहा कि नगपुरा क्षेत्र के ग्राम पंचायत अंजोरा ढा में चुनाव हार चुके पंच प्रत्याशियों को जीत का प्रमाण पत्र दे दिया गया है। अधिकारियों की इतनी बड़ी लापरवाही के चलते नवनिर्वाचित सरपंच और पंचों ने सोमवार को पंचायत में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह का बहिष्कार किया है।
उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत के तीन वार्ड में हारे हुए प्रत्याशी को जीत का प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया है। इसलिए इन वाडों में फिर से मतगणना कराई जाए। जब तक मतगणना नहीं होगी तब तक शपथ नहीं लेने दिया जाएगा।
ग्राम अंजोरा वार्ड 7 के पंच नेतराम साहू ने कहा कि सोमवार को पंचायतों में शपथ ग्रहण समारोह हुआ। लेकिन ग्राम अंजोरा ढा में सरपंच व 19 पंचों ने शपथ लेने से मना कर दिया। ग्राम पंचायत के तीन वार्डों में तीन पंच निर्वाचित हुए। मतगणना के बाद पीठासीन अधिकारी ने उन्हें गणना पर्ची भी नहीं दी। जबकि तीनों पंचों को पंचायत सचिव ने पंच की हैसियत से शपथ ग्रहण में 3 मार्च को पंचायत भवन में उपस्थित होने सूचना भी दी है। 1 मार्च को हारे हुए प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र बांट दिया गया। इसकी जांच होनी चाहिए।








