Uncategorized

दुर्ग जिले में 29 हजार स्टूडेंट्स ने दिए बोर्ड एग्जाम, नकल रोकने क्लास रुम में CCTV कैमरे लगाए गए

By Dinesh chourasiya

बोर्ड एग्जाम देते बच्चे - Dainik Bhaskar

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा 10वीं और 12वीं की बोर्ड की परीक्षाएं 1 मार्च 2025 से शुरू हो गई हैं। दुर्ग जिले में 135 परीक्षा केंद्र बनाए गए है। जहां कक्षा 10वीं के 17,131 और कक्षा 12वीं के 12,229 सहित कुल 29,360 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।

जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा ने बताया कि परीक्षा के संचालन को सुचारू और सुरक्षित बनाने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा की सुरक्षा को लेकर विशेष कदम उठाए गए हैं।

सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। परीक्षा के दौरान अनुचित साधनों के प्रयोग को रोकने के लिए फ्लाइंग स्क्वॉड का गठन किया गया है। परीक्षा केंद्रों में CCTV भी लगाए गए है।

विशेष कंट्रोल रूम की स्थापना

प्रश्न पत्रों को पहले से ही संबंधित थानों में सुरक्षित पहुंचा दिया गया है। इसके अलावा, परीक्षा के दौरान किसी भी समस्या के समाधान के लिए एक विशेष कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है।

कंट्रोल रूम की निगरानी अधिकारी अमित घोष और संजय कुमार को सौंपी गई है, जो किसी भी अनियमितता की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।

परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, बिजली की सुविधा

परीक्षा केंद्रों पर विद्यार्थियों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। सभी परीक्षार्थियों को अपने-अपने रोल नंबर के अनुसार बैठने की व्यवस्था की गई है। साथ ही, परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, बिजली और प्राथमिक चिकित्सा जैसी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है।

नकल रोकने लगाए गए CCTV कैमरे

डीईओ ने बताया कि जैसे-जैसे परीक्षाओं में प्रतिस्पर्धा बढ़ रही है, वैसे-वैसे नकल की घटनाएं भी कम हो रही हैं। जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग ने यह सुनिश्चित किया है कि परीक्षा पूरी तरह से पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संचालित हो।

नकल पर रोक लगाने के लिए परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इससे सभी परीक्षा केंद्रों की निगरानी आसानी से की जा सकेगी।

Related Articles

Back to top button