दुर्ग में पंचायत चुनाव के दुसरे चरण की वोटिंग जारी:ग्रामीणों में भारी उत्साह, विधायक और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी करेंगे मतदान
By Dinesh chourasiya
दुर्ग जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के लिए मतदान आज सुबह 7 बजे से जारी है। मतदान केंद्रों में सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखी जा रही है। चुनाव में दुर्ग सांसद विजय बघेल और पाटन विधायक भूपेश बघेल अपने मत का प्रयोग करने पहुंचेंगे।
दूसरे चरण में 25 जनपद पंचायत, 4 जिला पंचायत और 108 सरपंच पदों के लिए वोटिंग हो रही है। दुर्ग जिले के ग्राम पंचायत पतोरा में मतदान को लेकर भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। पाटन जनपद पंचायत के ग्राम पंचायत पतोरा में बड़ी संख्या में लोग मतदान के लिए पहुंचे हैं। स्थानीय प्रशासन ने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक व्यवस्था की है।








गर्मी से बचाव के लिए मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध
गर्मी को ध्यान में रखते हुए मतदान केंद्रों पर पेयजल और प्राथमिक चिकित्सा की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। प्रशासन ने मेडिकल टीम की तैनाती की है। जिससे किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता मिल सके।

सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद




मतदान के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील और अति-संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षाबल तैनात हैं। अधिकारियों ने कहा कि, मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी रूप से संपन्न कराने के लिए पूरी सतर्कता बरती जा रही है।
शाम 3 बजे तक चलेगा मतदान
मतदान की प्रक्रिया शाम 3 बजे तक चलेगी। इसके बाद जो मतदाता बाउंड्री के अंदर होंगे। उन्हीं को मतदान करने दिया जाएगा। तीन बजे के बाद आने वाले लोगों को मतदान स्थल में जाने नहीं दिया जाएगा। 4 बजे के बाद वहीं पर मतगणना का कार्य किया जाएगा और सरपंच और पंच पदों का परिणाम जारी किया जाएगा।




