Uncategorized

भिलाई के नंदनी रोड़ स्थित छावनी सीएसपी कार्यालय के गेट में घुसा ट्रक : गुमटी, कार और छात्राओं को मारी टक्कर, 4 लोग घायल, ड्राइवर बोला-मिर्गी का दौरा पड़ा था

By Dinesh chourasiya

भिलाई पावर हाउस में एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे लगे गुमटी, कार और कई लोगों को टक्कर मारते हुए सीएसपी कार्यालय के मुख्य गेट में घुस गया। जिसमें कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ कर रही है।

सीएसपी हरीश पाटिल ने बताया कि, मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे उन्हें सूचना मिली कि एक टाटा 407 ट्रक सीएसपी कार्यालय का मुख्य गेट तोड़कर अंदर घुस गया है। वे तुरंत अपनी विभागीय मीटिंग छोड़कर आए। ट्रक ने सड़क किनारे लगे गुमटी और एक कार को टक्कर मारी, फिर आईटीआई में पढ़ रही छात्राओं को टक्कर मारते हुए यहां घुस गया।

हादसे में 4 लोग घायल

इस हादसे में चार लोग घायल हुए हैं। इसमें तीन लड़कियां पावर हाउस आईटीआई में पढ़ने वाली डिम्पल साहू (19), गरिमा धृतलारे (17) और मरोदा निवासी नीतू ढाले (19) और फेरी वाला लड़का लकी शामिल है। सभी का इलाज जारी है।

ट्रक ड्राइवर बोला- मुझे मिर्गी का दौरा पड़ा था

पुलिस ने ट्रक ड्राइवर पी शंकर निवासी खुर्सीपार को गिरफ्तार कर लिया है। उसने बताया कि उसे मिर्गी का दौरा पड़ गया था। इसके चलते ऐसा हुआ है। ट्रक मालिक लालमन पाल को पुलिस ने बुलाया है। वो आईटीआई के पीछे खुर्सीपार का रहने वाला है।

सीएसपी पाटिल का कहना है कि, वो ड्राइवर का मेडिकल चेकअप कराएंगे। यदि मिर्गी वाली बात नहीं आई और यह आया कि ड्राइवर ने कोई नशीली चीज का सेवन किया है, तो ड्राइवर के खिलाफ सख्त धारा के तहत कार्रवाई की जाएगी।

दुर्घटना करने वाले ट्रक को क्रेन से हटाते हुए

लड़की ने कहा- अचानक ट्रक आया और कुचलते गया

प्रत्यक्षदर्शी मुस्कान देवान ने बताया कि, वो आईटीआई पावर हाउस में पढ़ती है। दोपहर को वो अपनी सहेली डिंपल, नीतू और गरिमा सहित अन्य लड़कियों के साथ नंदिनी रोड की तरफ जा रही थी। अचानक तेज रफ्तार में ट्रक आया और उसकी सहेलियों को टक्कर मारता हुए आगे घुस गया। इसमें डिंपल की हालत गंभीर बताई जा रही है।

दिल दहला देने वाला था नजारा

प्रत्यक्षदर्शी आनंद दुबे ने बताया कि, जिस समय यह हादसा हुआ वो वहीं खड़े थे। एक ट्रक तेज रफ्तार में आया। उसने आगे खड़ी एक गाड़ी को टक्कर मारी। इसके बाद लोगों ने शोर मचाना शुरू किया, लेकिन ट्रक सड़क किनारे लगी गुमटी और गाड़ियों को टक्कर मारते हुए सीएसपी कार्यालय के मेन गेट में जा घुसा।

Related Articles

Back to top button