दिल्ली में मंत्री जायसवाल ने रेल मंत्री से की मुलाकात:चिरमिरी-बिलासपुर पैसेंजर को दुर्ग तक चलाने की मांग; लोगों को मिलेगी रायपुर तक सीधी पहुंच
By Dinesh chourasiya

छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। मंत्री जायसवाल ने केंद्रीय रेल मंत्री से छत्तीसगढ़ में जनसुविधाओं से जुड़ी मांगों पर बातचीत की।
केंद्रीय मंत्री को उन्होंने चिरमिरी-नागपुर हॉल्ट नई रेल लाइन निर्माण के लिए प्रदेश सरकार के राशि प्रदान करने की जानकारी दी। उन्होंने जल्द से जल्द इस निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की। इस दौरान जायसवाल ने बिलासपुर-चिरमिरी-बिलासपुर ट्रेन नंबर 18257-18258 को दुर्ग जंक्शन या गोंदिया जंक्शन तक विस्तार किए जाने की मांग की है।







रायपुर तक पहुंचने के लिए सीधी रेल सेवा उपलब्ध नहीं
वर्तमान में नवगठित जिला मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के लोगों को राजधानी रायपुर तक पहुंचने के लिए सीधी रेल सेवा उपलब्ध नहीं है। जिस कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।इस ट्रेन के दुर्ग तक जाने से राजधानी तक सीधी पहुंच मिलेगी।
नागपुर-शहडोल एक्सप्रेस को चिरमिरी से चलाने की मांग




इसी तरह से एक अन्य मांग में स्वास्थ्य मंत्री ने शहडोल-नागपुर जंक्शन-शहडोल ट्रेन नंबर 11201-11202 को चिरमिरी से संचालित किए जाने की मांग की है। इससे क्षेत्र की बड़ी आबादी को कटनी, जबलपुर और नागपुर से सीधे आवागमन की सुविधा मिल सकेगी। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि मांगों पर सकारात्मक फैसला लिया जाएगा।




