
भिलाई में शराबी ने पीट-पीटकर SIR करने आए BLO का फोड़ा सिर:नशेड़ी बोला-मोहल्ले से चले जाओ वर्ना बुरा होगा, सरगुजा में फॉर्म नहीं बांटने पर कर्मचारी सस्पेंड
By Dinesh chourasiya
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) काम के दौरान शराब के नशे में धुत युवक ने BLO का सर फोड़ दिया। आरोपी जावेद हुसैन ने BLO से कहा कि मेरे मोहल्ले में ये सब काम मत करो। यहां से चले जाओ वर्ना बुरा होगा। मामला खुर्सीपार थाना क्षेत्र का है।
इस दौरान आस-पास मौजूद युवकों ने कई बार समझाने की कोशिश की, लेकिन युवक नहीं माना और BLO पर पत्थर से वार कर दिया। वहीं सरगुजा में गांव में फॉर्म नहीं बांटने और फॉर्म भरवाने में ग्रामीणों की मदद नहीं करने पर शिक्षक और रोजगार अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है।








पहला मामला- SIR सर्वे के दौरान पत्थर से अटैक
दरअसल, रूपेश कुमार जोशी शासकीय प्राथमिक शाला में सहायक शिक्षक हैं। चुनाव आयोग ने मतदाता पुनरीक्षण अभियान के लिए विधानसभा क्षेत्र 65 भिलाईनगर के भाग संख्या 117 में BLO की ड्यूटी दी थी। वह 25 नवंबर को SIR सर्वे के लिए उड़िया मोहल्ला पहुंचे थे।
इस दौरान वे निगम कर्मचारी पी. कार्तिक और दिनेश के साथ वार्ड-44, लक्ष्मीनारायण वार्ड के गोकुल नगर इलाके में घर-घर जाकर गणना पत्रक संग्रहित कर रहे थे। करीब 1 बजे उड़िया मोहल्ले में युवक जावेद हुसैन ने BLO रूपेश कुमार जोशी से बहसबाजी की।




युवक ने बीएलओ से कहा कि मेरे मोहल्ले में ये सब काम मत करो। यहां से भाग जाओ वर्ना मैं मारूंगा। विवाद के बीच आसपास के लोगों ने शराबी युवक को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना। गुस्से में आकर BLO पर पत्थर से हमला कर दिया, जिससे BLO का सिर फूट गया।

BLO की हत्या भी कर सकता था आरोपी- निगमकर्मी
वहीं BLO के साथ मौजूद निगम कर्मचारियों कार्तिक और दिनेश ने बीच बचाव करते हुए किसी तरह रूपेश को आरोपी से छुड़ाया। हमले बाद रूपेश को तुरंत अस्पताल ले जाना पड़ा। कर्मचारियों का कहना है कि अगर वे आगे नहीं आते, तो आरोपी BLO की हत्या भी कर सकता था।
खुर्सीपार थाना प्रभारी आनंद शुक्ला ने बताया कि जानकारी मिलते ही छावनी एसडीएम हितेश पिस्दा और खुर्सीपार पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। शासकीय कार्य में बाधा डालने, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और हत्या के प्रयास जैसी गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है।
दूसरा मामला- सरगुजा में शिक्षक-रोजगार सहायक सस्पेंड
वहीं सरगुजा में कलेक्टर ने SIR के काम में लापरवाही के लिए एक टीचर और एक रोजगार सहायक को सस्पेंड कर दिया। टीचर ने सभी गांववालों को फॉर्म नहीं बांटे थे और उन्हें भरने में उनकी मदद नहीं कर रहा था। रोजगार सहायक ने भी फॉर्म नहीं बांटे थे।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, गांववालों ने अंबिकापुर विधानसभा सीट के उदयपुर ब्लॉक के मरेया गांव के BLO देवेंद्र कुमार पैकरा द्वारा SIR के काम में लापरवाही की शिकायत की थी। टीचर ने सभी गांववालों को फॉर्म नहीं बांटे थे और उन्हें भरने में उनकी मदद नहीं कर रहा था।
लखनपुर तहसीलदार ने शिकायतों की जांच की। जांच में कन्फर्म हुआ कि टीचर देवेंद्र कुमार सिंह ने SIR के काम में उम्मीद के मुताबिक सहयोग नहीं किया था और गांववालों के साथ बुरा बर्ताव भी किया था।
शिकायतें सही पाए जाने के बाद, प्राइमरी स्कूल मरेया के असिस्टेंट टीचर (LB) टीचर देवेंद्र कुमार पैकरा को सस्पेंड कर दिया गया है। उनका हेडक्वार्टर ब्लॉक एजुकेशन ऑफिसर, उदयपुर बनाया गया है।

रोजगार सहायक पर गिरी गाज
अंबिकापुर विधानसभा क्षेत्र के कुंवरपुर में SIR के कार्य के लिए रोजगार सहायक को BLO बनाया गया था। उदयपुर एसडीएम वन सिंह नेताम और लखनपुर तहसीलदार अंकिता पटेल कुंवरपुर पहुंचे तो ग्रामीणों ने SIR फॉर्म वितरण नहीं होने और फॉर्म जमा नहीं करने की जानकारी दी।
काम में लापरवाही पाए जाने पर एसडीएम ने रोजगार सहायक को निलंबित करने के निर्देश दिए। लखनपुर सीईओ डॉ स्वेच्छा सिंह ने एसआईआर कार्य में लापरवाही बरतने वाले रोजगार सहायक को निलंबित कर दिया है। पंचायत में एसआईआर कार्य के दौरान गैरहाजिर रहने पर कोटवार को बर्खास्त करने का निर्देश दिए गए हैं।




