Uncategorized

खाते में आएंगे 1 लाख…अफवाह पर अकाउंट खुलवाने पहुंचीं महिलाएं:बिहार के कैमूर में सीएसपी सेंटर में भीड़; राहुल ने कहा था- खातों में खटाखट पैसे आएंगे

By Dinesh chourasiya

कैमूर के सीएसपी सेंटर पर खाता खुलवाने महिलाएं एक साथ पहुंच गईं। - Dainik Bhaskar

बिहार के कैमूर में शनिवार को बड़ी संख्या में महिलाएं खाता खुलवाने सीएसपी (ग्राहक सेवा केंद्र) सेंटर पहुंच गईं। जब उनसे इसका कारण पूछा गया तो महिलाओं ने कहा कि उन्हें बताया गया कि अकाउंट में एक लाख रुपए दिए जा रहे हैं, इसलिए हम लोग भी अकाउंट खुलवाने पहुंचे हैं।

दरअसल कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने चुनाव के दौरान सभाओं में कहा था कि भाजपा वाले 22 अरबपति बना रहे हैं। हम करोड़ों लखपति बनाएंगे। हर परिवार से एक महिला चुनी जाएगी। उन करोड़ों महिलाओं के खाते में एक लाख रुपए भेजे जाएंगे। यानी महीने 8,500 रुपया खाते में खटाखट-खटाखट जाएगा।

मोहनिया प्रखंड स्थित बैंक के सीएसपी सेंटर पर खाता खुलवाने कई महिलाएं एक साथ पहुंच गईं। महिलाओं की भारी भीड़ को देख पुलिस पहुंची। पुलिस ने महिलाओं को बड़ी मुश्किल से समझा कर घर भेजा। इस दौरान कई महिलाएं जाने से साफ मना कर रही थी।

सीएसपी सेंटर पर महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ी।

पैसे मिलने की चाहत लिए रामगढ़ से आई रामनानी देवी ने कहा कि वह खाता खुलवाने आई हैं। दूसरी महिलाओं ने उन्हें बताया कि अकाउंट में एक लाख रुपया मिलेगा, इसलिए हम आए हैं। सरकार सभी को पैसे दे रही है।

पैसे मिलने की आस लेकर सीएसपी सेंटर पहुंची रामनानी देवी।
महिलाओं को समझाती पुलिस।

BDO ने अफवाह बताकर महिलाओं को घर भेजा
मोहनिया बीडीओ संजय दास ने कहा कि किसी ने अफवाह फैला दी है कि खाता खुलवाने पर उसमें एक लाख रुपए मिलेंगे। इसके बाद जिले भर से महिलाएं यहां आ रही थी। इनको समझा दिया गया है कि ऐसी कोई बात नहीं है। इस भीषण गर्मी में घर परेशान होने की कोई जरूरत नहीं है।अफवाह के कारण कोई सीएसपी ना पहुंचे

अफवाह के बाद पैसे लेने पहुंची थी महिला
पार्षद प्रतिनिधि मोहनिया रविकांत ने कहा कि आज जब यहां से गुजर रहे थे तो देखा कि महिलाओं की भीड़ ज्यादा है। पहले लगा किसी समूह कि महिलाएं हैं, काम से आई हैं, लेकिन फिर पता लगा कि एक लाख रुपए मिलने की अफवाह पर सभी पहुंची सीएसपी पहुंची है। इसके बाद प्रशासन को बताया गया तो सभी को समझाकर घर भेजा गया। कांग्रेस पार्टी ने चुनाव में बोला था आज किसी ने अफवाह फैला दी और महिलाएं परेशान होने लगीं।

जानिए, कांग्रेस का महिलाओं से क्या है वादा
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने दिल्ली में 3 अप्रैल को महालक्ष्मी योजना लागू करने की बात कही थी। वादा किया था कि इस योजना में गरीबी रेखा से नीचे (BPL कैटेगरी) से संबंधित परिवारों की मुखिया महिला के खाते में सीधे 8,500 रुपए प्रति माह जमा किए जाएंगे। यह योजना कांग्रेस के नेतृत्व वाली कर्नाटक सरकार की गृह लक्ष्मी गारंटी योजना के समान है, जिसमें गरीब परिवारों की महिलाओं को 2,000 रुपए का भुगतान किया जाता है।

राहुल ने कहा था- खटाखट खटाखट पैसे आएंगे
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने चुनाव प्रचार के दौरान सभाओं में कहा कि भाजपा वाले 22 अरबपति बना रहे हैं। हम करोड़ों लखपति बनाएंगे। हर परिवार से एक महिला चुनी जाएगी। उन करोड़ों महिलाओं के खाते में एक लाख रुपए भेजे जाएंगे। यानी महीने 8,500 रुपया खाते में खटाखट-खटाखट जाएगा।

15 मई को ओडिशा के बोलांगीर में एक सभा को संबोधित करते हुए ये बयान दिया था। लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के घोषणापत्र में भी गरीब परिवार की महिलाओं को साल में 1 लाख रुपए देने की घोषणा की थी।

क्या होता है सीएसपी सेंटर
CSP का मतलब है ग्राहक सेवा केंद्र (Customer Service Point)। यहां पर लगभग सभी बैंकिंग सुविधाएं मिलती मतलब जो सुविधाएं Bank में मिलती हैं वे सभी सीएसपी सेंटर के माध्यम से भी आसानी से मिल जाती है।

ये खबर भी पढ़ें

एक लाख रुपए लेने लखनऊ के कांग्रेस दफ्तर पहुंचीं महिलाएं:गारंटी कार्ड दिखाकर बोलीं- 5 जून को पैसे आने को कहा; दस्तावेज लेकर रसीद दी

लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजे आने के दूसरे दिन 5 जून को मुस्लिम महिलाएं यूपी कांग्रेस पार्टी दफ्तर पहुंचीं। महिलाओं ने कांग्रेस का गारंटी कार्ड दिखाते हुए 1 लाख रुपए की मांग की। कई महिलाओं ने पहले से मिले गारंटी कार्ड पर अपना नाम, पता और नंबर भरकर पार्टी दफ्तर में जमा भी किया।

Related Articles

Back to top button