
दुर्ग में ‘मंत्री’ हत्याकांड UPDATE पूर्व पार्षद के भतीजे ने बीच सड़क पर चाकू मारा; ननिहाल में छुपा था हिस्ट्रीशीटर, अभी तक 5 गिरफ्तार
By Dinesh chourasiya
दुर्ग के श्रीराम उर्फ मंत्री यादव हत्याकांड का CCTV वीडियो सामने आया है। वीडियो साफ नहीं है, लेकिन कुछ लोग बीच सड़क पर मंत्री को चाकू मारते दिख रहे हैं। मंत्री हत्याकांड में पूर्व पार्षद और हिस्ट्रीशीटर अजय दुबे समेत उसके परिवार के लोगों का इंवॉल्वमेंट है। अब तक मास्टर माइंड अक्षत उर्फ मान्या दुबे समेत 5 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।







आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। क्राइम कंट्रोल यूनिट की 2 टीमें पांच दिन से बस्तर में डेरा डाले बैठी थी। इसी बीच शनिवार को चाचा-भतीजे हिस्ट्रीशीटर अजय दुबे और चंदू दुबे को गिरफ्तार किया गया। दोनों को कोंडागांव जिले से पकड़कर दुर्ग लाया गया है।
ये थी हत्या की वजह
मुख्य आरोपी अक्षत उर्फ मान्या दुबे ने पुलिस पूछताछ में बताया था कि सितंबर 2023 में उसके चाचा अजय दुबे के साथ श्रीराम उर्फ मंत्री यादव और उसके परिवार के लोगों मारपीट की थी। उसका बदला लेने के लिए आरोपियों ने 21 मई 2024 को मंत्री यादव के अकेला होने की जानकारी मिली।




मंत्री यादव ने अस्पताल में तोड़ा दम
इसके बाद पांचों आरोपी एकजुट हुए। 21 मई की रात को पांचों आरोपियों ने मिलकर बीच सड़क पर चाकू से वार दिया, जिससे वह बुरी तरह से घायल हो गया, जिसे वारदात के बाद अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन अस्पताल में मंत्री यादव की मौत हो गई।
अजय दुबे के भतीजे अक्षत ने रची थी साजिश
इससे पहले, 21 मई को हत्या के दो दिन बाद ही पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। वारदात में मुख्य रूप से अजय दुबे के भतीजे अक्षत उर्फ मान्या दुबे, शुभम शर्मा उर्फ पंडित और वंश राजपूत शामिल हैं।
ओडिशा भाग गया था अजय दुबे
वारदात के बाद हिस्ट्रीशीटर अजय दुबे अपनी पत्नी, बेटे और भतीजे को लेकर दुर्ग से भाग गया था। वह अपने ननिहाल कोंडागांव पहुंचा था। यहां उसने अपनी पत्नी, बेटे और आरोपी भतीजे चंदू को वहां छोड़ा और खुद ओडिशा की तरफ बढ़ गया। पुलिस टीम लगातार उसकी तलाश करती रही, लेकिन उसने अपना मोबाइल ओडिशा के उमरकोट में बंद कर दिया।
पुलगांव थाने की पुलिस को देखकर भागा अजय
ओडिशा के उमरकोट से लगे गांव जो छत्तीसगढ़ सीमा पर है, अजय दुबे वहीं छुपा था। वहां किसी धोखाधड़ी के मामले के आरोपी को पकड़ने पुलगांव पुलिस पहुंची थी। जिन्हें देखकर पड़ोस के घर में छुपा अजय दुबे मौके से फरार हो गया। कुछ देर बाद वहां क्राइम कंट्रोल यूनिट की टीम पहुंची।
उमरकोट से भागकर ननिहाल में छुपा था अजय
उमरकोट के पास के गांव से भागने के बाद अजय दुबे वापस अपने ननिहाल कोंडागांव पहुंचा। जहां उसकी पत्नी, बेटा और आरोपी अमिताभ उर्फ चंदू दुबे पहले से थे। क्राइम कंट्रोल यूनिट ने कोंडागांव से ओडिशा के उमरकोट तक पांच दिन पीछा कर हिस्ट्रीशीटर अजय दुबे और चंदू दुबे को कोंडागांव से गिरफ्तार कर लिया।
मंत्री हत्याकांड के पांच आरोपी गिरफ्तार
श्रीराम उर्फ मंत्री यादव की 21 मई मंगलवार की रात चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में दुर्ग पुलिस की क्राइम टीम ने आरोपी अक्षत उर्फ मान्या दुबे को सेक्टर 9 भिलाई, शुभम शर्मा उर्फ पंडित को बागनदी राजनांदगांव, वंश राजपूत को दुर्ग से पकड़कर शनिवार को जेल भेजा जा चुका है।
वहीं, अमिताभ उर्फ चंदू दुबे और अजय दुबे कोंडागांव से पकड़कर कोतवाली थाने को शनिवार को सौंप दिया गया है।
कोतवाली पुलिस ने थाने में शांति के लिए कराई पूजा
दुर्ग कोतवाली थाना क्षेत्र में लगातार हो रहे आपराधिक घटनाओं को देखते हुए थानेदार ने विशेष पूजा कराई है। बताया जा रहा है कि ये पूजा थाने में शांति व्यवस्था को लेकर करवाई गई है।




