
CG मे नशेड़ी ड्राइवरों पर नकेल कसने की तैयारी 207 नशेड़ी ड्राइवर के लाइसेंस सस्पेंड, 660 और होंगे:हादसों को कम करने पर फोकस, इसके लिए नशे में वाहन चलाने वाले सभी के लाइसेंस किए जाएंगे निलंबित
By Dinesh chourasiya
छत्तीसगढ़ में पिछले 90 दिनों के भीतर करीब 2700 सड़क हादसे हुए, जिसमें 1300 से ज्यादा लोगों की जान चली गई है, जबकि 2600 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। हादसों की समीक्षा के दौरान पता चला कि ज्यादातर हादसे नशे में वाहन चलाने वाले ड्राइवरों की लापरवाही से हो रहे हैं।
नशे में तेज रफ्तार वाहनों से कंट्रोल खाेने के बाद वे छोटे वाहन चालकों को चपेट में ले रहे हैं। हादसों की प्रारंभिक समीक्षा के बाद पुलिस और परिवहन विभाग ने नशे में वाहन चलाने वालों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने की सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। इसलिए अब तक 207 नशेड़ी ड्राइवरों के लाइसेंस आनन-फानन में निलंबित भी कर दिए गए हैं। रायपुर में 660 ड्राइवरों के लाइसेंस निलंबित करने की सिफारिश की जा रही है। इसी माह उन्हें निलंबित कर दिया जाएगा।







परिवहन विभाग ने ट्रैफिक पुलिस की सिफारिश के बाद जिन अब तक ड्राइवरों के लाइसेंस निरस्त किए हैं, उनमें 56 तो दूसरे राज्यों के हैं। हादसों के अलावा सिग्नल तोड़ने वालों पर भी सख्ती की जा रही है। सिग्नल तोड़ने से गंभीर हादसे का खतरा रहता है। ऐसे 71 लोगांे का लाइसेंस भी अब तक सस्पेंड किया जा चुका है। इसके अलावा 10-10 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया है। परिवहन विभाग के आकड़ों के मुताबिक सबसे ज्यादा दुर्ग के 66 ड्राइवरों का लाइसेंस सस्पेंड किया गया है। दूसरे नंबर पर राजनांदगांव के 22 और तीसरे नंबर पर रायपुर है। यहां 20 लोगों का लाइसेंस सस्पेंड किया गया है।
एआईजी ट्रैफिक संजय शर्मा ने बताया कि ड्रंक एंड ड्राइव, हाई स्पीड, ओवर लोडिंग, रॉन्ग साइड, सिग्नल जंप, गाड़ी चलाते समय मोबाइल पर बात करना और लापरवाही से ड्राइविंग मामले में जुर्माना वसूलने के साथ ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड किया जाता है। पुलिस लाइसेंस जब्त कर आगे कार्रवाई के लिए आरटीओ भेज देती है। आरटीओ इस पर सुनवाई करता है। जिसका लाइसेंस है, उसे नोटिस जारी किया जाता है। सुनवाई के लिए आरटीओ बुलाया जाता है। वहां पूछा जाता है कि अपने ट्रैफिक का उल्लंघन किया है क्या? आरोप सही पाए जाने पर कार्रवाई की जाती है।
9 जिलो में एक भी लाइसेंस नहीं हुए सस्पेंड:पिछले तीन माह में 9 जिलों से एक भी लाइसेंस सस्पेंड नहीं किया गया है। इसमें बीजापुर, सुकमा, धमतरी समेत अन्य जिला शामिल हैं। सिग्नल जंप में 71, ड्रंक एंड ड्राइव में 59, रान्ग साइड में 29, फोन में बात करते ड्राइविंग में 19, खतरनाक ढंग से ड्राइविंग में 18, हाईस्पीड में 6 और ओवर लोडिंग में 2 लोगों का लाइसेंस सस्पेंड किया गया है। जबकि 22 के प्रकरण में सुनवाई चल रही है।




19 मार्च को दुर्ग से रायपुर मार्ग में गुरुद्वारा चौक से भारी वाहन (आरजे 11 जीबी 0329) का चालक लवकुश निवासी फिरोजाबाद (यूपी) गाड़ी को लहराते हुए नेहरू नगर से गुजर रहा था। इस दौरान उसने एक कार में ठोकर मार दी। इसके बाद चौक पर ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिस कर्मी को भी कुचलने की कोशिश की। पेट्रोलिंग टीम ने वाहन का पीछा कर खुर्सीपार चौक में घेराबंदी कर पकडा। ब्रीद एनेलाइजर मशीन से चेक करने पर भारी मात्रा में शराब का सेवन कर वाहन चलाते पाया गया। इस पर ट्रैफिक पुलिस ने चालक का लाइसेंस सस्पेंड करने परिवहन विभाग से सिफारिश की गई।
ट्रैफिक पुलिस ने 19 फरवरी को बाइक पर खड़े होकर स्टंटबाजी कर रहे एक युवक को पकड़ा। इसके बाद पुलिस ने छह हजार रुपए का फाइन लगा दिया। इस तरह लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने का वीडियो यातायात पुलिस के हेल्प लाइन नंबर पर भेजा गया था। वीडियो में नजर आ रही बाइक नंबर के आधार पर पुलिस ने युवक को खोज निकाला। इसके बाद कार्रवाई की गई। युवक के खिलाफ प्रकरण तैयार किया गया और इसके बाद न्यायालय में पेश किया गया। कोर्ट ने युवक पर छह हजार रुपए का जुर्माना लगाया।
हमारा मकसद लोगों तक ये मैसेज पहुंचाना है कि शराब पीकर या किसी भी तरह से नियम तोड़कर वाहन चलाने से लाइसेंस ही सस्पेंड हो जाएगा। तीन से छह माह के लिए लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई होगी। शराब पीकर वाहन चलाने वाले ड्राइवरों के अलावा ज्यादा सिग्नल तोड़ने वालों पर भी फोकस किया जा रहा है। -डी. रविशंकर, अतिरिक्त परिवहन आयुक्त
660 लोगों के लाइसेंस निलंबन के लिए भेजा
डीएसपी गुरजीत सिंह ने बताया कि पिछले 90 दिनों में रायपुर पुलिस ने 660 लोगों का लाइसेंस सस्पेंड करने के लिए भेजा है। इसमें नशे में गाड़ी चलाने वाले ज्यादा हंै। तीन माह में नशे में गाड़ी चलाने वाले 714, हाईस्पीड में 1024, तीन सवारी में 1350 और सिग्नल तोड़ने वाले 900 से ज्यादा लोगों पर कार्रवाई की गई है। वहीं, दुर्ग के डीएसपी ट्रैफिक सतीश ठाकुर ने बताया कि वहां जनवरी से अब तक नशे में गाड़ी चलाने वाले 250 से ज्यादा लोगों पर कार्रवाई की गई है। इसमें 59 चालक ऐसे हैं, जो एक से अधिक बार पकड़े गए। इसमें से 23 लोगों का लाइसेंस सस्पेंड किया गया है।




