PM मोदी बिलासपुर की 5 महिलाओं से करेंगे बात:महतारी वंदन योजना के तहत करेंगे पैसा ट्रांसफर, कार्यक्रम में 10,000 महिलाएं होंगी शामिल
By Dinesh chourasiya
महतारी वंदन योजना के शुभारंभ के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिलासपुर की पांच महिलाओं से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बात कर सकते हैं। इसके लिए मंच के पास टू वे टॉकिंग की व्यवस्था की गई है। प्रधानमंत्री मोदी 10 मार्च को दोपहर नई दिल्ली में योजना का वर्चुअल शुभारंभ करेंगे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय साइंस कॉलेज मैदान रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में जुड़ेंगे। इस अवसर पर वे बाल विवाह मुक्त अभियान का शुभारंभ भी करेंगे। बिलासपुर में जिले भर के हितग्राहियों को सम्मानित करने के लिए बहतराई इऩडोर स्टेडियम में महतारी वंदन सम्मेलन का आयोजन किया गया है।








महतारी वंदन योजना के तहत राशि ट्रांसफर
बहतराई स्टेडियम का कार्यक्रम दोपहर 12 बजे शुरू होगा। रायपुर में मुख्यमंत्री की उपस्थिति में कार्यक्रम 1 बजे होगा। प्रधानमंत्री की वर्चुअल उपस्थिति दोपहर 2 बजे होगी। प्रधानमंत्री 2 बज कर 5 मिनट पर रिमोट का बटन दबा कर महतारी वंदन योजना के पात्र हितग्राहियों के बैंक खातों में योजना की राशि का अंतरण करेंगे।
बिलासपुर के कार्यक्रम में 10 हजार महिलाएं होंगी शामिल




बहतराई स्टेडियम में आयोजित महतारी वंदन सम्मेलन में 10 हजार महिलाओं को शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है। नगर निगम की महिला एवं बाल विकास अधिकारी रेणुका पिंगले ने बताया कि सम्मेलन में महिलाओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा। प्रधानमंत्री से टू वे टॉकिंग के लिए पांच महिलाओं को तैयार किया गया है।
शहर की 99.8 हजार महिलाओं को मिलेगा लाभ
आधिकारिक जानकारी के अनुसार केंद्र सरकार की योजना के अंतर्गत जिले की 4 लाख 26 हजार 587 महिलाओं को 1-1 हजार रुपए महीना सीधे उनके बैंक खातों में रविवार से मिलना शुरू हो जाएगा। बिलासपुर शहर की 99830 महिलाओं को योजना का पात्र पाया गया है। इन्हें भी रविवार को महतारी वंदन योजना का लाभ दिया जाएगा।
बिलासपुर के इन जगहों पर आयोजन
महतारी वंदन योजना का आयोजन बिलासपुर सहित छह स्थानों पर किया जा रहा है। इसमें डीकेपी स्कूल कोटा, धान मंडी बिल्हा, धान मंडी तखतपुर, भदौरा मस्तूरी, रतनपुर महामाया मंदिर भागवत मंच शामिल है। बहतराई स्टेडियम के कार्यक्रम में नगर विधायक अमर अग्रवाल, सुशांत शुक्ला सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।




