Uncategorized

CG में सरकारी अधिकारी बोले- चूहे-दीमक खा गए 7 करोड़ का धान:कवर्धा में 26 हजार क्विंटल धान बेकार, कांग्रेस ने अधिकारियों को चूहा पकड़ने का पिंजरा सौंपा

By Dinesh chourasiya

छत्तीसगढ़ के कवर्धा में चारभांठा और बघर्रा धान खरीदी केंद्र में खरीफ विपणन साल 2024-25 के दौरान MSP में खरीदे गए 26 हजार क्विंटल धान का शॉर्टेज मिला। जांच में इसकी कीमत करीब 7 करोड़ रुपए आंकी गई है। अधिकारियों का दावा है कि 26 हजार क्विंटल धान चूहे, दीमक, कीड़े और मौसम की मार से नष्ट हुआ है।

जांच के दौरान दोनों धान खरीदी केंद्रों में फर्जी एंट्री, फर्जी बिल, मजदूरों की फर्जी हाजिरी और सीसीटीवी से छेड़छाड़ जैसे गंभीर मामले सामने आए हैं। शिकायत सही पाए जाने के बाद बाजार चारभांठा धान खरीदी केंद्र के प्रभारी प्रीतेश पांडे को हटा दिया गया है।

इस मामले में कांग्रेस ने कलेक्टर और जिला विपणन अधिकारी से शिकायत की और DMO कार्यालय पहुंचकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने विपणन संघ अधिकारी को चूहा पकड़ने का पिंजरा सौंपते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

वहीं कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय ठाकुर ने कहा कि, भाजपा सरकार में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के जिले में 26 हजार क्विंटल धान गायब हो गया है। अधिकारी बेशर्मी से कह रहे हैं कि धान चूहा-दीमक खा गए। यह तर्क हास्यास्पद है। ऐसा लगता है कि ‘भाजपाई चूहा’ ही किसानों का धान खा रहा है।

वहीं इन आरोपी पर भाजपा नेता संजय श्रीवास्तव ने कहा कि, अगर गड़बड़ी हुई है तो जांच के बाद संबंधित अधिकारी-कर्मचारी पर कार्रवाई होगी। भाजपाइयों पर आरोप लगाना गलत है। इतिहास रहा है प्रदेश के अधिकतर घोटालों में कांग्रेसियों के ही नाम सामने आए हैं।

जानिए क्या है पूरा मामला ?

दरअसल, कवर्धा में कुल 108 धान खरीदी केंद्र हैं। इनमें से कवर्धा ब्लॉक के बाजार चारभांठा और पंडरिया ब्लॉक के बघर्रा धान खरीदी केंद्र में गड़बड़ी सामने आई। दोनों केंद्रों से करीब 26 हजार क्विंटल धान की कमी पाई गई है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 7 करोड़ रुपए आंकी गई है।

इस मामले में जिला विपणन अधिकारी (DMO) अभिषेक मिश्रा ने बताया कि जो धान खराब हुआ है या उपलब्ध नहीं है। वह चूहे, दीमक, कीड़े और मौसम की खराबी के कारण हो सकता है। उन्होंने कहा कि बघर्रा धान खरीदी केंद्र में जांच चल रही है। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग

कांग्रेस पदाधिकारियों ने DMO को ज्ञापन सौंपते हुए जल्द जांच पूरी करने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उन्होंने इस बड़े घोटाले में अधिकारियों और भाजपा के संरक्षण का भी आरोप लगाया है।

भाजपा पर किसान विरोधी होने का आरोप

मामले में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष नवीन जायसवाल ने कहा कि भाजपा किसान विरोधी है। सात करोड़ धान गायब होना अपने आप से शंका पैदा करता है कि कहीं न कहीं घोटाला हुआ है। साथ ही जांच कार्रवाई को दबाने की कोशिश की जा रही है। इस मामले में संबंधित अधिकारी से वसूली होनी चाहिए।

हास्यास्पद बताकर SIT जांच की मांग

कांग्रेस किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष रवि चंद्रवंशी ने कहा कि यह पूरा मामला हास्यास्पद है। चूहों ने धान नहीं खाया है। दोषी अधिकारियों को बचाने की साजिश की जा रही है। ज्ञापन के जरिए SIT जांच की मांग की गई है। तत्कालीन प्रभारियों पर केस दर्ज कर राशि वसूली की जाए। मांग पूरी नहीं होने पर आने वाले दिनों में उग्र आंदोलन किया जाएगा।

…………………………….

Related Articles

Back to top button