भिलाई के ACC चौक के पास ट्रेलर अनियंत्रित होकर पोल से टकराकर ड्राइवर की मौके पर मौत, पुलिस जांच में जुटी
By Dinesh chourasiya

भिलाई के नंदिनी रोड पर एक ट्रेलर अनियंत्रित हो गया। इससे ड्राइवर उसे संभाल नहीं पाया। ट्रेलर सीधा पहले बिजली के होर्डिंग पोल से टकराया, इसके बाद सड़क से लगी बाउंड्रीवॉल में जा घुसा। हादसे में ट्रेलर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मामला जामुल थाना क्षेत्र का है।







जामुल पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना मंगलवार सुबह 9 बजे के आसपास की है। ट्रेलर CG 07 C 7041 तेज रफ्तार में आया। वो जैसे ही नंदिनी रोड स्थित देशी शराब भट्टी के पास पहुंचा, चालक ने उस पर से अपना नियंत्रण खो दिया। ट्रेलर सीधा जाकर बड़ी होर्डिंग के पोल से टकराया और उसके बाद सड़क से लगी बाउंड्रीवॉल में जा घुसा।

हादसे में ट्रेलर के आगे का हिस्सा हुआ क्षतिग्रस्त




दुर्घटना में ट्रेलर के आगे का हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। चालक ट्रेलर के केबिन में ही फंस गया। आसपास मौजूद लोग तुरंत भागकर वहां पहुंचे। लोगों ने डायल 112 को कॉल कर पुलिस को बुलाया। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद लोगों की मदद से केबिन में फंसे चालक की बॉडी को बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रायगढ़ का रहने वाला है ड्राइवर
ट्रेलर ड्राइवर की पहचान अरविंद मनहर (35 साल) निवासी सिंघपाली, सारंगढ़ के रूप में हुई है। वो भिलाई में रहकर ट्रेलर चलाने का काम करता था।




