Uncategorized

छत्तीसगढ़ में लॉ-एंड-ऑर्डर के सवालों से घिरे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष:किरणदेव बोले- ये पिछले 5 सालों का असर, बड़े कांड के पीछे कांग्रेस

By Dinesh chourasiya

छत्तीसगढ़ में कानून-व्यवस्था के मसले पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरणसिंह देव ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस ली। रायपुर के जिला भाजपा कार्यालय एकात्मक परिसर में करीब 18 मिनट तक चले इस कॉन्फ्रेंस में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को मीडिया ने बढ़ती क्राइम की घटनाओं को लेकर घेरा।

एक के बाद एक आ रहे सवालों के जवाब में ज्यादातर वो यही कहते दिखे कि सरकार संज्ञान ले रही है। कार्रवाई कर रही है। आगे व्यवस्था और बेहतर की जाएगी।

मीडिया ने जब पूछा कि मौजूदा समय में क्राइम पर कंट्रोल क्यों नहीं है, घटनाएं एक के बाद एक बढ़ती दिख रही है ? इस पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरणसिंह देव बोले कि, यह पिछले 5 सालों का असर है। जिस तरीके से कांग्रेस ने अपराधियों को संरक्षण दिया, भ्रष्टाचार, अनाचार की घटनाएं होती रही यह सब जाते-जाते समय लगेगा सरकार संज्ञान लेगी।

रायपुर के तीन विधायक भी थे साथ।

हर बड़े कांड के पीछे कांग्रेस

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव ने सूरजपुर, दामाखेड़ा जैसे 4 बड़ी घटनाओं को गिनवाया और बताया कि इन मामलों में जो आरोपी हैं, वो कांग्रेस के लोग ही हैं। अभी दामाखेड़ा में हमला करने वाला भी कांग्रेस का सक्रिय कार्यकर्ता निकला है।

इसका प्रमाण खुद प्रकाशमुनि साहब के फेसबुक के पोस्ट में है। प्रकाशमुनि साहेब ने अपने फेसबुक पोस्ट पर इस बात का उल्लेख किया है कि इस घटना में भी अपराधी सरपंच पति कांग्रेस पार्टी का ही कार्यकर्ता है।

किरणदेव ने कहा कि, इसी तरह सूरजपुर में पुलिस अधिकारी की पत्नी और बच्चे की जघन्य हत्या करने वाला एनएसयूआई का जिला महासचिव था। एनएसयूआई का जिलाध्यक्ष भी इस घृणित कृत्य में ज़िम्मेदार था। लोहारीडीह कांड में भी बार-बार गांव में अशांति फैलाने और दो समूहों को लड़वाने का काम कांग्रेस कर रही है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष देव ने कहा कि, केशकाल में युवा कांग्रेस का ब्लॉक उपाध्यक्ष 500 रुपए के लाखों के नकली नोट के साथ पुलिस की गिरफ्त में है। कांग्रेस के नेता और उनसे संबंधित अधिकारियों पर कोयला घोटाला, शराब घोटाला, पीएससी घोटाला, महादेव घोटाला आदि के आरोप हैं।

कांग्रेस के इन कृत्यों को छत्तीसगढ़ क़तई सहन नहीं करेगा। कांग्रेस को प्रदेश में अशांति, अराजकता और आतंक फैलाने और फिर उस आग पर अपना हाथ सेंकने की छूट प्रदेश की भजपा सरकार बिल्कुल नहीं दे सकती।

भाजपा अध्यक्ष बोल रहे थे और चली गोली

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरणसिंह देव बिगड़ती कानून व्यवस्था पर मीडिया से बात कर रहे थे। तभी भाजपा कार्यालय से कुछ ही दूरी पर जेल गेट के बाहर गोली चली। जिसमें एक युवक घायल हो गया। इस बारे में मीडिया ने पूछा, तो भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि, आपके माध्यम से पता चल रहा है। संज्ञान लेंगे आगे बात करेंगे।

रायपुर में 72 घंटों में 7 मर्डर होने के सवाल पर किरणदेव ने कहा कि, मेरी जानकारी में है। लगातार इस पर सरकार की दृष्टि है। चाहे गृह मंत्रालय की दृष्टि से हो बिंदुवार इस विषय पर चर्चा हुई है। जितने भी प्रकार के विषय आते हैं। सरकार बड़ी कठोरता के साथ संज्ञान ले रही है।

राजधानी और प्रदेश में बढ़ती चाकूबाजी की घटनाओं के सवाल पर किरणदेव ने कहा कि, इस पर गंभीरता से निश्चित रूप से इसके रोकथाम के लिए काम हो रहे हैं। अपराधियों की गिरफ्तारी से लेकर सभी प्रकार के दंडात्मक जितने भी कार्रवाई हो सकते हैं, उनका पालन होगा।

भीड़ पुलिस पर हमले कर रही है, जनता का विश्वास खत्म हो रहा है, इस सवाल के जवाब में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव ने कहा कि, किसी भी तंत्र से किसी का भी विश्वास उठने की जरूरत नहीं है। मैंने पहले ही कहा है कि यह नरेटिव सेट करने का प्रयास है कांग्रेस का। अपराध को लेकर नियंत्रण करने का प्रयास किया जा रहा है। लेकिन यह मानकर चलिए छत्तीसगढ़ को जिस नाम से पहचाना जाता रहा है शांति के टापू की तरह उसे उसी तरह पहचाना जाएगा।

Related Articles

Back to top button