Uncategorized

भिलाई में GRP ने पावर हाउस स्टेशन से इंटर-स्टेट ठग को पकड़ा:पहले दोस्ती की, फिर आर्मी जवान का एटीएम पिन देखा;ट्रेन में कार्ड चुराकर निकाले 97,500

By Dinesh chourasiya

भिलाई में रेलवे पुलिस ने ट्रेन यात्रियों के पर्स और एटीएम कार्ड चोरी कर उनके खातों से रकम निकालने वाले अंतरराज्यीय ठग को गिरफ्तार किया है। आरोपी सेना और सुरक्षा बलों के जवानों को अपना आसान निशाना बनाता था। पुलिस के मुताबिक, दूर तैनाती के कारण जवान कई बार तुरंत बैंक से संपर्क कर एटीएम कार्ड बंद नहीं करा पाते थे। आरोपी इसी का फायदा उठाता था।

पुलिस ने आरोपी सुनील कुमार दुबे उर्फ लल्लू (34), निवासी मिर्जापुर, उत्तर प्रदेश, को पावर हाउस रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया। उसके पास से एक मोबाइल, चार सिम कार्ड और 12 एटीएम कार्ड बरामद किए गए हैं। इसके अलावा 3 हजार रुपए नकद भी मिले हैं। पूछताछ में आरोपी के कई राज्यों में यात्रियों के पर्स और एटीएम कार्ड चोरी करने की बात सामने आई है।

रेलवे पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार।

पहले दोस्ती, फिर पिन पर नजर

मामला 18 अप्रैल 2026 का है। सेक्टर-6 निवासी बीएसएफ जवान कन्हैया भगत बिहार जाने के लिए दुर्ग रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। टिकट लेने और ट्रेन पकड़ने की तैयारी के दौरान आरोपी ने उनसे बातचीत शुरू कर दोस्ती कर ली।

पुलिस के अनुसार, इसी दौरान आरोपी ने उनका एटीएम पिन देख लिया। इसके बाद ट्रेन में चढ़ने की भीड़ के बीच आरोपी ने कन्हैया का पर्स चोरी कर लिया। पर्स में एटीएम कार्ड था। पिन पहले ही पता होने के कारण कार्ड हाथ लगते ही आरोपी के लिए खाते से रकम निकालना आसान हो गया।

75 हजार के सोने के झुमके खरीदे

पुलिस जांच में पता चला कि चोरी किए गए एटीएम कार्ड से आरोपी ने करीब 75 हजार रुपए के सोने के झुमके खरीदे। इसके अलावा अलग-अलग एटीएम से 22,500 रुपए नकद निकाले गए। इस तरह एक ही वारदात में करीब 97,500 रुपए की रकम निकाली या खर्च की गई।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बाद में सोने के झुमके ग्वालियर में 50 हजार रुपए में बेच दिए। इस तरह उसने चोरी के एटीएम से रकम निकालने के साथ सामान खरीदा और दूसरे शहर में उसे बेच दिया। पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने अन्य वारदातों में भी इसी तरह चोरी किए गए एटीएम कार्ड का इस्तेमाल किया होगा।

11 राज्यों की पुलिस को थी तलाश

सुनील के खिलाफ छत्तीसगढ़ के अलावा कई राज्यों और बड़े शहरों में चोरी, जेब कटने और धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, करनाल, बेंगलुरु, इटारसी, भोपाल, ग्वालियर, दिल्ली निजामुद्दीन, जालंधर और हावड़ा सहित कई जगहों पर उसके खिलाफ मामले सामने आए हैं। अलग-अलग राज्यों में घूमकर वारदात करना उसकी कार्यशैली का हिस्सा बताया जा रहा है।

रेलवे पुलिस की साइबर टीम ने पकड़ा

कन्हैया भगत के खाते से रकम निकलने की शिकायत के बाद रेलवे पुलिस ने जांच शुरू की। रेलवे पुलिस की साइबर टीम और भिलाई-3 जीआरपी चौकी की संयुक्त टीम ने पैसों के लेन-देन और अन्य तकनीकी सुरागों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। मुखबिर से मिली सूचना के बाद आरोपी को पावर हाउस स्टेशन के पास पकड़ा गया।

Related Articles

Back to top button