Uncategorized

दुर्ग के उतई में पुलिस की नौकरी लगाने का नाम पर 12 लाख ठग लिये 3 साल बाद FIR दो गिरफ्तार

By Dinesh chourasiya

दुर्ग के उतई थाना क्षेत्र में पुलिस आरक्षक की नौकरी लगवाने के नाम पर 12 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि साल 2023 में दो लोगों ने युवक को पुलिस आरक्षक की नौकरी दिलाने का झांसा देकर उसके परिवार से 12 लाख रुपए लिए। नौकरी नहीं लगने पर परिवार ने रकम वापस मांगी, लेकिन आरोपियों ने पैसे नहीं लौटाए।

पुलिस के मुताबिक, ग्राम सेलूद निवासी गैंदलाल बंछोर ने 20 अगस्त 2026 को थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि ग्राम अतरिया, जिला बेमेतरा निवासी उमेश दास मानिकपुरी ने उनके बेटे विकास बंछोर को पुलिस आरक्षक के पद पर भर्ती कराने का भरोसा दिया था। नौकरी लगवाने के नाम पर परिवार से कुल 12 लाख रुपए लिए गए।

रकम देने के बाद भी विकास की पुलिस में भर्ती नहीं हुई। काफी समय बीतने के बाद परिवार ने उमेश से रकम वापस मांगी, लेकिन कथित तौर पर पैसे नहीं लौटाए गए। इसके बाद गैंदलाल ने उतई थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

2023 में लिए पैसे, तीन साल बाद शिकायत

पीड़ित परिवार से रकम वर्ष 2023 में ली गई थी, जबकि पुलिस में शिकायत 20 अगस्त 2026 को दर्ज कराई गई। यानी करीब तीन साल तक परिवार नौकरी लगने या रकम वापस मिलने का इंतजार करता रहा। शिकायत मिलने के बाद उतई पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

लेन-देन और आरोपों से जुड़े तथ्यों की जांच के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश देकर ग्राम अतरिया निवासी उमेश दास मानिकपुरी और बिलासपुर निवासी राजेश वर्मा को गिरफ्तार कर लिया।

बैंक खाते और मोबाइल जब्त

पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के साथ ही मामले से जुड़े बैंक खातों की जानकारी जुटाई और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। फिलहाल उतई पुलिस पैसों के लेन-देन और दोनों आरोपियों की भूमिका से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है

Related Articles

Back to top button