
जल जीवन मिशन के कार्यों की मुख्य सचिव ने की समीक्षा, समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश
कलेक्टरों एवं अधिकारियों की वर्चुअल बैठक में पेयजल योजनाओं की प्रगति पर हुई विस्तृत चर्चा
योगेश्वर रिपोर्टिंग (पत्रकार)
बालोद, 20 अगस्त 2026। जल जीवन मिशन के अंतर्गत प्रदेश में संचालित पेयजल योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए मुख्य सचिव श्री विकासशील ने कलेक्टरों एवं संबंधित अधिकारियों की वर्चुअल बैठक ली। बैठक में उन्होंने जल जीवन मिशन के कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने 23 जुलाई 2026 को आयोजित बैठक के पालन प्रतिवेदन पर हुई कार्रवाई की समीक्षा की। इसके साथ ही पूर्ण एवं हस्तांतरित योजनाओं के भुगतान, सोलर पंप आधारित योजनाओं की प्रगति तथा स्त्रोत समस्या मूलक योजनाओं की स्थिति पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
हर घर जल योजना की प्रगति पर भी चर्चा
समीक्षा बैठक में हर घर जल जिला, जिला जल एवं स्वच्छता समिति की नियमित मासिक बैठकों की स्थिति तथा 55 एलपीसीडी से कम अथवा सात दिनों से कम जल प्रदाय वाली योजनाओं की भी जानकारी ली गई। अधिकारियों को योजनाओं की प्रगति में आवश्यक सुधार करते हुए निर्धारित समय में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों से जल जीवन मिशन के कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को नियमित एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने कहा।
वर्चुअल बैठक के दौरान बालोद स्थित संयुक्त जिला कार्यालय के एनआईसी कक्ष में कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री सागर वर्मा, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।






