
प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना को लेकर आईटीआई बालोद में जागरूकता कार्यक्रम
महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी
अविनाश साहू संवादाता (पत्रकार)
बालोद, 20 अगस्त 2026। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग के मार्गदर्शन में शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्र (आईटीआई) बालोद में प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जिला महिला सशक्तिकरण हब एवं सखी वन स्टॉप सेंटर की टीम ने प्रशिक्षणार्थियों को प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना की जानकारी देने के साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, नोनी सुरक्षा योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, छत्तीसगढ़ महिला कोष सहित अन्य योजनाओं की जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को महिलाओं, किशोरियों एवं बच्चों के हित में संचालित योजनाओं तथा उनके कानूनी अधिकारों एवं प्रावधानों के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।
हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी
कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। इनमें महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आपातकालीन सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 सहित अन्य आवश्यक हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया गया।
अधिकारियों ने प्रशिक्षणार्थियों से योजनाओं का लाभ लेने के साथ-साथ अपने आसपास के लोगों को भी महिला एवं बाल सुरक्षा तथा शासन की कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जेंडर विशेषज्ञ दिनेश्वरी सिन्हा, वित्तीय साक्षरता समन्वयक राकेश कुमार सिन्हा, संरक्षण अधिकारी श्रीमती हितेश्वरी मेश्राम, श्रीमती यामिनी ठाकुर, श्री शैलेष थामस सहित अन्य प्रशिक्षण अधिकारी उपस्थित रहे।






