
कृषक उन्नति योजना से बदली बोड़ेना के किसान दिलीप की तकदीर, आधुनिक मशीनों से संवार रहे खेती
28 एकड़ में पैडी ट्रांसप्लांटर से कराई रोपाई, अब आसपास के सैकड़ों एकड़ खेतों में भी पहुंचा रहे मशीनीकृत खेती का लाभ
विजय कुमार रिपोर्ट ( पत्रकार)
बालोद, 18 अगस्त 2026। राज्य शासन की कृषक उन्नति योजना से किसानों को मिल रही आर्थिक मजबूती अब खेती में आधुनिक तकनीक के रूप में भी नजर आने लगी है। ग्राम बोड़ेना निवासी प्रगतिशील किसान श्री दिलीप कुमार साहू ने योजना से प्राप्त आय का बेहतर उपयोग करते हुए पारंपरिक खेती को आधुनिक कृषि तकनीक से जोड़कर क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए भी मिसाल पेश की है।
किसान दिलीप कुमार साहू ने कृषक उन्नति योजना के तहत ₹3,100 प्रति क्विंटल की दर से धान का विक्रय किया था। योजना से प्राप्त बेहतर आय का उपयोग उन्होंने खेती की लागत कम करने और समय की बचत के उद्देश्य से आधुनिक कृषि यंत्र खरीदने में किया।
28 एकड़ में मशीन से कराई धान की रोपाई
दिलीप कुमार ने पैडी ट्रांसप्लांटर (धान रोपाई मशीन) खरीदी और अपने करीब 28 एकड़ खेत में मशीनीकृत तरीके से धान की रोपाई कराई। मशीन के उपयोग से कम समय और सीमित श्रम में बड़े क्षेत्र में रोपाई का कार्य पूरा हुआ।
मशीनीकृत रोपाई से पौधों के बीच समान दूरी बनाए रखने में मदद मिली, जिससे फसल के बेहतर विकास की संभावना बढ़ी। आधुनिक तकनीक के इस प्रयोग को देखकर आसपास के किसानों ने भी अपने खेतों में मशीन से धान की रोपाई कराने में रुचि दिखाई।
अब दो पैडी ट्रांसप्लांटर से किसानों को दे रहे सेवा
किसानों के बीच बढ़ती मांग को देखते हुए दिलीप कुमार ने अब दो पैडी ट्रांसप्लांटर मशीनें जुटा ली हैं। वे अपने गांव के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में किसानों के सैकड़ों एकड़ खेतों में समय पर धान की रोपाई का कार्य कर रहे हैं। इससे क्षेत्र के अन्य किसानों को भी आधुनिक कृषि तकनीक का लाभ मिल रहा है और खेती में मशीनों के उपयोग को बढ़ावा मिल रहा है।
किसान दिलीप कुमार साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की कृषक उन्नति योजना ने किसानों की मेहनत को आर्थिक मजबूती देने का काम किया है। उन्होंने योजना के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बेहतर आय का उपयोग आधुनिक कृषि संसाधनों में करने से खेती को अधिक सुविधाजनक और लाभकारी बनाने की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है।






