CG में नशे में कोबरा पकड़ा, गले में लपेटकर डांस किया, कई बार डसने से हालत बिगड़ी, इलाज के लिए ले गए तो अस्पताल से भागा
By Dinesh chourasiya

छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में एक ग्रामीण ने शराब के नशे में कोबरा सांप पकड़ लिया। इसके बाद वह कोबरा को गले में लपेटकर गांव में घूमता रहा। घर के बाहर खड़े होकर डांस भी किया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।







बताया जा रहा है कि कोबरा ने इस दौरान ग्रामीण को कई बार डसा। हालत बिगड़ने पर परिजन और ग्रामीण उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वह अस्पताल के गेट से ही भाग निकला। इसके बाद परिजन और ग्रामीण किसी अनहोनी की आशंका में उसकी तलाश कर रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, संतराम भैना (40) ग्राम भदौरा का रहने वाला है। बुधवार को उसके पड़ोसी के घर कोबरा घुस गया था। इसकी जानकारी मिलते ही संतराम मौके पर पहुंचा। बाद में उसने कोबरा को खोजकर पकड़ लिया।




नशे में वह कोबरा को लेकर गांव में इधर-उधर घूमता रहा। ग्रामीणों के मुताबिक, इस दौरान कोबरा ने संतराम को कई बार डस लिया। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी। आसपास मौजूद लोगों ने उसे तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वह भाग निकला।
इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल पाया है। परिजन और ग्रामीण किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए उसकी तलाश कर रहे हैं। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें संतराम कोबरा को गले में लपेटकर घूमता दिखाई दे रहा है।

सांप के काटने पर तुरंत इलाज जरूरी
एक्सपर्ट्स के अनुसार, जहरीले सांप के काटने के बाद बिना देरी किए अस्पताल पहुंचना चाहिए। समय पर इलाज नहीं मिलने पर सांप का जहर जानलेवा हो सकता है। इसलिए सांप को पकड़ने या उसके साथ किसी भी तरह का जोखिम लेने से बचना चाहिए।
भारत में सांपों की 300 से ज्यादा प्रजातियां
भारत में सांपों की 300 से ज्यादा प्रजातियां हैं। इनमें में 4 प्रजातियों के सांप बहुत जहरीली होते हैं। जिनके काटने या डसने से सबसे ज्यादा मौत होती हैं। हर साल देशभर में सांप के डसने से करीब 58 हजार लोगों की मौत होती है। सबसे ज्यादा शिकार किसान, मजदूर, शिकारी, गड़ेरिए, सपेरे, आदिवासी और प्रवासी होते हैं।






