
‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ पर जिलेभर में हुआ सामूहिक गायन
कलेक्ट्रेट परिसर में कलेक्टर, एसपी सहित अधिकारियों-कर्मचारियों ने एक स्वर में गाया राष्ट्रीय गीत
रितेश कुमार क्राइम रिपोर्टर (पत्रकार)
बालोद, 13 अगस्त 2026। राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ के ऐतिहासिक अवसर पर बालोद जिले में सामूहिक गायन कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलेभर में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से लोगों ने राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना का संदेश दिया।
जिला मुख्यालय स्थित संयुक्त जिला कार्यालय परिसर में प्रातः 11 बजे कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री किरण चव्हाण, अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक एवं श्री अजय किशोर लकरा, एडिशनल एसपी श्री चंद्रकांत गवर्ना सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने एक स्वर में राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ का सस्वर सामूहिक गायन किया।
सामूहिक गायन के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एकजुट होकर राष्ट्रीय गीत का गायन करते हुए राष्ट्र के प्रति अपनी निष्ठा, सम्मान और समर्पण की भावना व्यक्त की।
इस अवसर पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भी ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रीय गीत के ऐतिहासिक महत्व को स्मरण करने के साथ-साथ नागरिकों में राष्ट्रप्रेम, एकता और देशभक्ति की भावना को और मजबूत करना रहा।








