Uncategorized

दुर्ग भिलाई में ट्रैफिक कंट्रोल करने एक्शन मोड में पुलिस:कॉम्प्लेक्स संचालकों को नोटिस, नाबालिगों के पैरेंट्स पर लगेगा जुर्माना; नो-पार्किंग-सड़क किनारे दुकानों पर होगी कार्यवाही

By Dinesh chourasiya

दुर्ग-भिलाई में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। शहर की सड़कों पर नो-पार्किंग में वाहन खड़े करने और सड़क किनारे दुकानें व ठेले लगाने से अक्सर जाम की स्थिति बनती है।

शाम के समय प्रमुख सड़कों पर वाहनों की संख्या बढ़ने से लोगों को ज्यादा परेशानी होती है। इसे देखते हुए पुलिस अब अलग-अलग स्तर पर कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है।

यातायात विभाग के एडिशनल एसपी कौशलेंद्र पटेल ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से नाबालिगों के वाहन चलाने और बिना लाइसेंस या जरूरी दस्तावेज के वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान स्कूलों में जाकर चालानी कार्रवाई की गई है। साथ ही नाबालिग वाहन चालकों के माता-पिता को बुलाकर समझाइश भी दी गई है।

भिलाई समेत दुर्ग और चरोदा क्षेत्र में भी यातायात पुलिस की चेकिंग लगातार जारी है। पुलिस का कहना है कि अभियान का मकसद सिर्फ चालान काटना नहीं, बल्कि लोगों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक करना भी है।

नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर होगी कार्रवाई

शहर में कई जगह सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग के कारण रास्ता संकरा हो जाता है। इससे खासकर व्यस्त समय में ट्रैफिक की रफ्तार धीमी हो जाती है। पुलिस अब नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने की तैयारी में है। सड़क किनारे अवैध तरीके से वाहन खड़ा करने वालों को पहले समझाइश दी जाएगी और जरूरत पड़ने पर चालानी कार्रवाई की जाएगी।

फ्लाईओवर के नीचे और सड़क किनारे लगी दुकानों पर भी कार्रवाई

शहर में फ्लाईओवर के नीचे और सड़कों के किनारे ठेले, गुमटी और दूसरी दुकानें लगने से भी ट्रैफिक प्रभावित हो रहा है। एडिशनल एसपी ने बताया कि इन मामलों में नगर निगम और संबंधित थानों के साथ मिलकर कार्रवाई की जा रही है। निगम प्रशासन की ओर से भी सहयोग किया जा रहा है।

सड़क किनारे रोजी-रोटी के लिए ठेला या गुमटी लगाने वालों को पहले समझाइश दी जाएगी। इसके बाद भी व्यवस्था नहीं सुधरी तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पार्किंग नहीं करने वाले कॉम्प्लेक्स संचालकों को नोटिस

शहर के कई कॉम्प्लेक्स और दुकानों के सामने सड़क पर वाहन खड़े करने की शिकायतें मिल रही हैं। पुलिस ऐसे दुकानदारों और कॉम्प्लेक्स संचालकों को नोटिस दे रही है। पुलिस का कहना है कि पार्किंग की सुविधा होने के बावजूद सड़क पर वाहन खड़े करने और ट्रैफिक में परेशानी पैदा करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के मुताबिक, आने वाले दिनों में नाबालिगों के वाहन चलाने, अवैध पार्किंग, सड़क किनारे दुकान-ठेले लगाने और ट्रैफिक में बाधा डालने वालों पर कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि इसका उद्देश्य शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर करना है, ताकि लोगों को आने-जाने में परेशानी न हो और सड़क हादसों का खतरा भी कम हो।

Related Articles

Back to top button