Uncategorized

दक्षिण छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का अलर्ट, रायपुर में खारून खतरे के निशान से ऊपर, आज से थमेगी बारिश की रफ्तार

By Dinesh chourasiya

दक्षिण छत्तीसगढ़ में अगले 24 घंटे तक कुछ जगहों पर भारी बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज (31 जुलाई) से पूरे प्रदेश में बारिश की तीव्रता धीरे-धीरे कम होने लगेगी। पिछले 24 घंटे में विदर्भ और मध्यप्रदेश में बने डीप डिप्रेशन के असर से मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में झमाझम बारिश हुई।

लगातार बारिश से गरियाबंद में उदंती नदी पर बन रहा करीब 9 करोड़ रुपए का निर्माणाधीन पुल ढह गया। रायपुर में खारून नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। बस्तर में NH-130 पर पुलिया डैमेज होने से कई गांवों का संपर्क टूट गया।

वहीं दंतेवाड़ा के अरनपुर-जगरगुंडा मार्ग पर लैंडस्लाइड के खतरे से आवाजाही बंद है, जबकि कांकेर में 15.5 करोड़ रुपए की नहर पहली ही बारिश में ढह गई।

कांकेर में 15 करोड़ में बनी नहर पहली बारिश नहीं झेल पाई।

दो दिन बाद मिला ढेकी नदी में बहे बच्चे का शव

सूरजपुर जिले में चपदा गांव में ढेकी नदी में बहे 10 वर्षीय बालक का शव दो दिन बाद गुरुवार शाम को बरामद कर लिया गया। DDRF और पुलिस की संयुक्त टीम ने घटना स्थल से करीब 20-25 किमी दूर कड़ी मशक्कत के बाद शव निकाला

आरंग के गांव में घुसा बाढ़ का पानी

आरंग क्षेत्र के तटीय गांव निसदा के निचले हिस्सों में जलभराव के बीच एक ही परिवार के 6 सदस्य अपने घर में चारों ओर से बाढ़ के पानी से घिर गए। SDRF की टीम ने मोटरबोट के जरिए जान जोखिम में डालकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला।

निर्माणाधीन नाले में डूबने से बच्ची की मौत

कोंडागांव जिले के कोपाबेड़ा जलाशय के निर्माणाधीन सौंदर्यीकरण स्थल पर गुरुवार सुबह करीब 10 बजे बड़ा हादसा हो गया। नहरपारा निवासी 6 वर्षीय चांदनी नाग घर के पास बने निर्माणाधीन नाले में फिसलकर गहरे पानी में गिर गई, जिससे उसकी डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है निकासी नहीं होने के कारण यहां बारिश का पानी भरा था।

गरियाबंद में बाढ़ से टापू बना गौठान

बुधवार रात गरियाबंद का सुहागपुर गौठान बाढ़ के पानी से घिर गया। यहां 5, 3 और 2 साल के तीन मासूम बच्चों समेत एक परिवार करीब 4 घंटे तक फंसा रहा। नगर सेना ने देर रात रेस्क्यू कर सभी को सुरक्षित निकाला गया।

4 दिन बाद मिला उप सरपंच और पत्नी का शव

सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के लाट नाले में बहे दंपती का शव चार दिन बाद मिला। 26 जुलाई को कार से उफनते नाले को पार करने के दौरान दोनों तेज बहाव में बह गए थे। बुधवार को घटनास्थल से करीब 3 किमी दूर चिखली गांव के पास उनकी कार मिली, जिसके अंदर दोनों के शव बरामद हुए

Related Articles

Back to top button