दुर्ग में DGP बोले-नशे के खिलाफ जनता बने पुलिस की ताकत – नशे से जुड़ी गतिविधियां दिखें और तुरंत पुलिस को सूचना दें
By Dinesh chourasiya
दुर्ग में DGP बोले-नशे के खिलाफ जनता बने पुलिस की ताकत – नशे से जुड़ी गतिविधियां दिखें और तुरंत पुलिस को सूचना दें

प्रदेश में बढ़ते ड्रग्स कारोबार और स्कूल-कॉलेजों तक इसकी पहुंच की आशंका के बीच डीजीपी अरुण देव गौतम ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई सिर्फ पुलिस की नहीं, पूरे समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि जहां भी नशे से जुड़ी गतिविधियां दिखें, उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।







दुर्ग पुलिस और जन मित्र के संयुक्त मेगा मेडिकल कैंप में डीजीपी ने कहा कि जनता ही पुलिस का सबसे मजबूत खुफिया तंत्र है। आप सूचना देंगे तो पुलिस तुरंत कार्रवाई करेगी। अगर किसी स्कूल, कॉलेज या आसपास के इलाके में ड्रग्स की बिक्री या इस्तेमाल की जानकारी मिले तो लोग बिना डर पुलिस को सूचना दें, ताकि समय पर कार्रवाई हो सके।




पुलिस जवानों की 15-16 घंटे की ड्यूटी और वीकली ऑफ के सवाल पर डीजीपी ने कहा कि पुलिस की ड्यूटी का स्वरूप अलग होता है, इसलिए एक तय दिन की छुट्टी देना हमेशा संभव नहीं होता। उनका कहना था कि कठिन ड्यूटी से शरीर और मन मजबूत होता है।

‘जवानों को पर्याप्त छुट्टी मिलती है’
डीजीपी ने कहा कि ऐसा नहीं है कि पुलिसकर्मियों को आराम नहीं मिलता। सामान्य परिस्थितियों में जवानों के लिए अवकाश की व्यवस्था रहती है। हालांकि, कानून-व्यवस्था की विशेष स्थिति में छुट्टियों में बदलाव हो सकता है।
हर साल हेल्थ चेकअप कराने की अपील
डीजीपी ने कहा कि कई पुलिसकर्मी व्यस्तता या लापरवाही के कारण समय पर स्वास्थ्य जांच नहीं करा पाते। इसलिए मेगा मेडिकल कैंप का उद्देश्य है कि हर जवान साल में कम से कम एक बार अपना पूरा हेल्थ चेकअप जरूर कराए, ताकि बीमारी का समय रहते पता चल सके।
22 से ज्यादा विशेषज्ञ डॉक्टरों ने दी सेवाएं
दुर्ग के न्यू पुलिस लाइन, ठगड़ा बांध के पास आयोजित इस नि:शुल्क मेगा मेडिकल कैंप में पुलिसकर्मियों, रिटायर्ड पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य सुविधाएं दी गईं। शिविर में 22 से अधिक सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टर मौजूद रहे। यहां पैथोलॉजी जांच, हेल्थ चेकअप, आंख और दांतों की जांच भी की गई।

डीजीपी ने किया मेडिकल कैंप का निरीक्षण
रविवार को डीजीपी अरुण देव गौतम ने कैंप का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली, पुलिस जवानों से मुलाकात की और उन्हें नियमित स्वास्थ्य जांच कराने व स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि स्वस्थ पुलिस बल ही समाज को बेहतर सुरक्षा दे सकता है।




