
कलेक्टर जनदर्शन में आमजन की समस्याएं सुनीं, त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
किसान सम्मान निधि, पीएम आवास, श्रम कार्ड, राशन कार्ड सहित विभिन्न आवेदनों पर अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश








रितेश कुमार क्राइम रिपोर्टर (पत्रकार)
बालोद, 06 जुलाई 2026
संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आज आयोजित कलेक्टर जनदर्शन कार्यक्रम में जिले के विभिन्न स्थानों से अपने मांगों एवं समस्याओं के निराकरण हेतु पहुँचे आम नागरिकों के लिए राहत भरा साबित हुआ। इस दौरान कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने जिले के विभिन्न स्थानों से पहुँचे लोगों से मधुर एवं आत्मीय बातचीत कर उनकी मांगों एवं समस्याओं की जानकारी ली। इस अवसर पर उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को तलब कर आवेदकों के मांगों एवं समस्याओं के निराकरण हेतु त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।




जनदर्शन में आज ग्राम खपरी के श्री तारण कुमार ने किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाने, गुण्डरदेही विकासखण्ड के ग्राम कचांदुर की श्रीमती लक्ष्मी बाई ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किए। इसी तरह ग्राम नवागांव के श्री खेमलाल ने श्रम कार्ड बनाने, गुरूर विकासखण्ड के ग्राम पलारी के शकंुतला ने राशन कार्ड में नाम जोड़ने, ग्राम हड़गहन के श्री कोमल ने ऋण पुस्तिका में सुधार कराने एवं ग्राम पंचायत अंगारी के सरपंच ने मुक्ति धाम में सोलर लाईट लगाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किए।

जनदर्शन में आज जिले के विभिन्न स्थानों से बड़ी संख्या मंे लोग कलेक्टर से मुलाकात करने पहुँचे थे। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने जनदर्शन में पहुँचे लोगों से बारी-बारी से मुलाकात कर पूरी आत्मीयता से उनके मांगों एवं समस्याओं को सुना। श्रीमती मिश्रा ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों से जनदर्शन में पहुँचे लोगों के मांगों एवं समस्याओं के समुचित निराकरण हेतु त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस मौके पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर श्री नूतन कंवर एवं राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों के अलावा अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।







