Aradhna news BalodBalodUncategorizedछत्तीसगढ़
Trending

वर्षा ऋतु में आमजन को हर जरूरी सुविधा मिले, सभी विभाग अलर्ट मोड पर रहें: कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा

समय-सीमा बैठक में स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, खाद-बीज, सीएम हेल्पलाइन और ‘सुघ्घर छत्तीसगढ़’ अभियान की समीक्षा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

 

रितेश कुमार क्राइम रिपोर्टर (पत्रकार)

बालोद, 06 जुलाई 2026

 कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने जिले के सभी विभाग प्रमुखों को वर्षा ऋतु के दौरान आम नागरिकों को जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराने हेतु पुख्ता उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा आज संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में उपस्थित अधिकारियों को उक्ताशय के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु के दौरान आम नागरिकों को मूलभूत एवं बुनियादी सुविधाओं के लिए कठिनाईयों का सामना न करना पड़े। इसके अंतर्गत उन्होंने वर्षा ऋतु के मद्देनजर जिले के सभी स्वास्थ्य केन्द्रों में समुचित मात्रा में दवाइयों एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता, पहुँच मार्गों की स्थिति, जिले के जलाशयों में जल भराव की स्थिति, पेयजल व्यवस्था आदि अति आवश्यक सेवाओं के प्रबंध के संबंध में विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान कलेक्टर ने बालोद जिले में सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु कार्य योजना बनाने के निर्देश भी दिए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर श्री नूतन कंवर सहित राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों के अलावा अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे। 

 

 

 बैठक में श्रीमती मिश्रा ने स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए वर्षा ऋतु के दौरान मौसमी एवं जलजनित बीमारियों की रोकथाम की पुख्ता उपाय सुनिश्चित करने हेतु स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को पूरे समय मुस्तैदी के साथ कार्य करने को कहा। इसके लिए उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को जिले के सभी चिकित्सालयों एवं स्वास्थ्य केन्द्रों में समुचित मात्रा में दवाइयों एवं अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं के अलाव चिकित्सकों एवं चिकित्सा कर्मियों की पूरे समय उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि मौसमी बीमारियों की रोकथाम सुनिश्चित करने हेतु जिले के सभी चिकित्सालयों एवं स्वास्थ्य केन्द्रों के अलावा मितानिन आदि के पास पर्याप्त मात्रा में दवाइयां उपलब्ध होनी चाहिए। उन्होंने सभी स्वास्थ्य केन्द्रों में पर्याप्त मात्रा में क्लोरिन की टैबलेट की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा उन्होंने वर्षा ऋतु के दौरान जिले में यातायात की सुचारू व्यवस्था, सड़कों के मरम्मत आदि कराने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में मुख्य मार्ग के अलावा स्कूलों, आंगनबाड़ी केन्द्रों तक आवागमन करने में कठिनाई नही होना चाहिए। इसके लिए उन्होंने सड़क निर्माण विभाग के अधिकारियों को जरूरी उपाय सुनिश्चित करने को कहा।

 

 

बैठक में श्रीमती मिश्रा ने वर्षा ऋतु के दौरान आम नागरिकों को शुद्ध पेयजल की समुचित उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु किए जा रहे उपायों की समीक्षा की। उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता एवं अन्य संबंधित विभाग के अधिकारियों को आम नागरिकों को शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित कराने हेतु जरूरी उपाय सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता को तांदुला जलाशय सहित जिले के सभी जलाशयों में जल भराव की स्थिति की प्रतिदिन जानकारी देने के भी निर्देश दिए। श्रीमती मिश्रा ने मछली पालन विभाग के सहायक संचालक को वर्तमान में मछलियों के प्रजनन काल एवं संरक्षण को ध्यान में रखते हुए 15 अगस्त तक तालाबों एवं जलाशयों आदि में सभी प्रकार के मत्स्याखेट पर पूरी प्रतिबंध लगाने हेतु जारी किए गए निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के भी निर्देश दिए। बैठक में श्रीमती मिश्रा ने मौजूदा खरीफ सीजन को देखते हुए जिले के सहकारी समितियों में खाद, बीज की उपलब्धता के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने कृषि विभाग के उप संचालक, जिला विपणन अधिकारी एवं सहकारिता विभाग के अधिकारियों को किसानों को समुचित मात्रा में खाद, बीज की उपलब्धता सुनिश्चित कराने हेतु जरूरी उपाय सुनिश्चित कराने के भी निर्देश दिए। बैठक में श्रीमती मिश्रा ने छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा सुशासन को जन-जन तक पहुँचाने और प्रत्येक पात्र परिवारों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराने शुरू किए गए सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान के जिले में सफल क्रियान्वयन हेतु कार्य योजना बनाने के निर्देश भी दिए। इसके लिए उन्होंने प्रत्येक ग्राम पंचायतों में कैम्प भी आयोजित करने के निर्देश दिए। 

 

 

 बैठक में श्रीमती मिश्रा ने जिले में विभिन्न विभागों के द्वारा सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त आवेदनों के निराकरण हेतु की जा रही कार्रवाई की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समयावधि में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके लिए उन्होंने सभी विभागों में नोडल अधिकारियों की नियुक्त करने तथा आवेदकों से दूरभाष से चर्चा कर आवेदनों के निराकरण की स्थिति की जानकारी देने के भी निर्देश दिए।

 

बैठक में कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने एग्रीस्टेक पोर्टल में किसानों की पंजीयन के कार्य की भी समीक्षा की। उन्होंने कृषि एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्धारित समयावधि तक जिले के शत प्रतिशत कृषकों का एग्रीस्टेक पोर्टल में पंजीयन कराने के निर्देश दिए। बैठक में श्रीमती मिश्रा ने सभी विभाग प्रमुखों को ईएचआरएमएस पोर्टल में अपने अधीनस्थ अधिकारी-कर्मचारियों का आॅनबोर्डिंग के कार्यों के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने जिले के सभी अधिकारी-कर्मचारियों का ईएचआरएमएस पोर्टल में अनिवार्य रूप से आॅनबोर्डिंग कराकर समय पर कार्यालय में उपस्थित सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने कलेक्टर जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को निर्धारित समयावधि में प्राप्त आवेदनों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। 

 

Related Articles

Back to top button