पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना 2026-27 के लिए नवीन आवेदन 01 अगस्त से होंगे प्रारंभ
30 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन, समय पर प्रक्रिया पूरी करने की अपील
रितेश कुमार क्राइम रिपोर्टर(पत्रकार)
बालोद, 24 जून 2026







आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा संचालित पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन पंजीयन, स्वीकृति एवं छात्रवृत्ति वितरण की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। योजना के तहत शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, इंजीनियरिंग, मेडिकल एवं नर्सिंग कॉलेजों, आईटीआई तथा पॉलिटेक्निक संस्थानों में अध्ययनरत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ प्रदान किया जाएगा। सत्र 2026-27 के लिए नवीनीकरण आवेदन की ऑनलाइन प्रक्रिया 20 जून 2026 से प्रारंभ होकर 30 दिसंबर 2026 तक संचालित होगी, जबकि नवीन आवेदन 01 अगस्त 2026 से 30 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन किए जा सकेंगे। छात्रवृत्ति की राशि विद्यार्थियों के आधार से सीडेड बैंक खातों में भुगतान आदेश जारी होने के पश्चात 07 कार्य दिवस के भीतर अंतरित की जाएगी। विभाग द्वारा सभी संस्था प्रमुखों, छात्रवृत्ति प्रभारियों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन, सत्यापन एवं स्वीकृति संबंधी समस्त कार्यवाही पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित अंतिम तिथि के पश्चात छात्रवृत्ति पोर्टल बंद कर दिया जाएगा तथा ड्राफ्ट प्रपोजल लॉक एवं सैंक्शन ऑर्डर लॉक करने का अवसर उपलब्ध नहीं रहेगा। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयावधि में आवश्यक कार्यवाही पूर्ण नहीं होने के कारण यदि किसी संस्था के विद्यार्थी छात्रवृत्ति लाभ से वंचित रह जाते हैं, तो इसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी संबंधित संस्था प्रमुख की होगी। विद्यार्थियों से अपील की गई है कि वे समय रहते ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूर्ण कर योजना का लाभ सुनिश्चित करें।




