
PMGSY में बड़ी लापरवाही! 15 जून की डेडलाइन बीती, फिर भी सांकरा–काड़े नारागांव मार्ग अधूरा, ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
क्राइम रिपोर्टर रितेश कुमार की खबर








रितेश कुमार क्राइम रिपोर्टर (पत्रकार)
बालोद | 24 जून 2026 | आराधना न्यूज़
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अंतर्गत सांकरा–काड़े नारागांव मार्ग पर चल रहे सड़क एवं पुल निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही सामने आई है। निर्माण एजेंसी द्वारा 15 जून 2026 तक कार्य पूर्ण करने का दावा किया गया था, लेकिन निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बाद भी पुलिया के दोनों ओर एप्रोच रोड एवं डामरीकरण का कार्य अधूरा पड़ा हुआ है।





बारिश शुरू होते ही सड़क पर कीचड़ और पानी भर जाने से ग्रामीणों, विद्यार्थियों, किसानों, मरीजों तथा दिव्यांगजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हाल ही में एक दिव्यांग शिक्षक को ट्राइसाइकिल धक्का देकर विद्यालय पहुंचाना पड़ा, जबकि कई वाहन भी कीचड़ में फंस गए।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य में अनावश्यक देरी, अधिकारियों की लापरवाही तथा गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि समय पर कार्य पूरा नहीं होने से बरसात के मौसम में आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।

सामाजिक कार्यकर्ता भीष्म पितामह साहू ने कहा कि यदि निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण नहीं किया गया और संबंधित विभाग द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो ग्रामवासियों द्वारा लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण आंदोलन किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी संबंधित विभाग एवं निर्माण एजेंसी की होगी।
ग्रामीणों ने कलेक्टर बालोद, जिला पंचायत, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अधिकारियों, ग्रामीण विकास विभाग एवं राज्य गुणवत्ता नियंत्रण प्रकोष्ठ को शिकायत भेजकर निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय तकनीकी जांच, गुणवत्ता परीक्षण, देरी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों एवं ठेकेदार पर कार्रवाई तथा शीघ्र निर्माण कार्य पूर्ण कराने की मांग की है।
अब देखना होगा कि जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग इस गंभीर मामले में कितनी शीघ्र कार्रवाई कर ग्रामीणों को राहत दिलाते हैं।




