CG के इस जेल में सीमेंट स्लैब से कैदी का सिर कुचल कर हत्या:उम्रकैद काट रहे बंदी की माफी अर्जी खारिज, तो रेप के आरोपी की हत्या
By Dinesh chourasiya
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर सेंट्रल जेल में रेप के आरोप में सजा काट रहे कैदी का मर्डर हुआ है। उसी जेल में बंद एक साइको किलर ने सीमेंट से बने स्लैब से कैदी का सिर कुचल दिया।बताया जा रहा है कि, साइको किलर माफी की अर्जी खारिज होने के बाद से तनाव में था।







मंगलवार सुबह उसने नाली में लगे सीमेंट के ढक्कन को उठाया और 4-5 बार वार कर कैदी की हत्या कर दी। इस दौरान आसपास मौजूद कैदियों ने छुड़ाने की कोशिश की। घायल कैदी को हॉस्पिटल भी ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में नियमानुसार कार्रवाई की बात कहीं है।





जानिए क्या है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान नीलू जगत (27) निवासी कोटा के दबनपुर के रूप में हुई है। उसने नाबालिग लड़की से रेप किया था, जिसके बाद साल 2024 से जेल में बंद था। वहीं, हत्या के आरोपी राजेश राय (40) मुंगेली जिले का रहने वाला है, वह करीब 17 साल से ट्रिपल मर्डर के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा है।
उसने माफी की अर्जी लगाई थी, लेकिन उसकी अर्जी खारिज कर दी गई थी। उसके भाई सुरेश राय को इसी मामले में माफ करते हुए 2025 में रिहा कर दिया गया है। इससे वह मानसिक तनाव में चल रहा था। इस बीच 23 जून की सुबह साढ़े 5 बजे उसने नीलू जगत के सिर पर नाली के स्लैब से ताबड़तोड़ 4-5 बार वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
मानसिक रोगी बंदियों की बैरक में वारदात
यह घटना जेल के ई-1 वार्ड में हुई, जो मानसिक रूप से बीमार बंदियों के लिए आरक्षित है। बताया जा रहा है कि आरोपी राजेश राय भी मानसिक बीमारी से ग्रसित है। इसी बैरक में दोनों बंदी रखे गए थे।

जेल के अंदर हत्या से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
सेंट्रल जेल जैसी हाई सिक्योरिटी जेल के अंदर हुई इस हत्या ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन के अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई।
जांच के बाद स्पष्ट होगी वजह
फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस और जेल प्रशासन मामले की जांच कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि, जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।
……………………….




