भिलाई सेक्टर 7 में 19 साल के छात्र ने लगाई फांसी:छात्रावास के दोस्तों से कहा मैं अकेला रहना चाहता हूं, सुबह फंदे पर लटकी मिली लाश,
By Dinesh chourasiya
भिलाई के सेक्टर-7 स्थित महाराणा प्रताप भवन छात्रावास में रहने वाले एक छात्र ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतक की पहचान निखिल पौसार्य (19) पिता प्रहलाद पौसार्य के रूप में हुई है। वह मूल रूप से पंडरिया, जिला कबीरधाम का रहने वाला था और भिलाई में पढ़ाई करने आया था।








जानकारी के मुताबिक निखिल सेक्टर-6 स्थित साईं महाविद्यालय में बीएससी बायो की पढ़ाई कर रहा था। वह करीब एक साल से भिलाई नगर स्टेशन के पास स्थित महाराणा प्रताप भवन छात्रावास में रह रहा था। छात्रावास में सामान्य तौर पर एक कमरे में दो छात्रों को रखा जाता है, लेकिन दूसरे छात्र के नहीं होने की वजह से निखिल अकेले कमरे में रह रहा था।
बताया गया कि रविवार सुबह काफी देर तक निखिल अपने कमरे से बाहर नहीं निकला। इसके बाद छात्रावास में रहने वाले अन्य छात्रों को शक हुआ। उन्होंने इसकी जानकारी क्षत्रिय कल्याण सभा के पदाधिकारियों और पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा तोड़ा गया।




फंदे पर लटकी मिली लाश दरवाजा खुलने पर निखिल की लाश कमरे के अंदर पंखे से फांसी के फंदे पर लटकी मिली। इसके बाद पुलिस ने शव को नीचे उतारा और पंचनामा कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी परिजनों को भी दे दी गई। भिलाई नगर थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
पीएम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी स्थिति सीएसपी भिलाई नगर सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि घटना वाली रात छात्रावास में रहने वाले कुछ छात्रों ने निखिल से कहा था कि वे उसके साथ कमरे में रुक जाएंगे, लेकिन उसने मना कर दिया था। उसने कहा था कि वह अकेले रहना चाहता है। प्रथम दृष्टया मामला फांसी लगाकर खुदकुशी का लग रहा है। हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल की जांच के बाद ही साफ हो पाएगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।






