Uncategorized

दुर्ग में कड़ी सुरक्षा के बीच आज NEET री-एग्जाम:19 परीक्षा केंद्रों पर जैमर और CCTV की व्यवस्था, सोशल मीडिया पर भी रहेगी निगरानी

By Dinesh chourasiya

दुर्ग जिले में आज होने वाली नीट री-एग्जाम को लेकर प्रशासन और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा को सुरक्षित, निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए इस बार विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।

अधिकारियों के अनुसार जिले में कुल 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सभी केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। साथ ही सोशल मीडिया पर भी लगातार निगरानी रखी जाएगी, ताकि पेपर लीक जैसी अफवाहों और भ्रामक जानकारी को फैलने से रोका जा सके।

परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के उपयोग को रोकने के लिए जैमर लगाए गए हैं। वहीं हर परीक्षा कक्ष में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी टेस्टिंग भी पूरी कर ली गई है। परीक्षा के दौरान कंट्रोल रूम से कैमरों की लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी।

एक दिन पहले सभी अधिकारियों को दी गई थी ट्रेनिंग।

परीक्षा अवधि बढ़ी, नए नियम भी किए गए लागू

इस बार नीट री-एग्जाम को लेकर कुछ नए नियम लागू किए गए हैं। परीक्षा की अवधि 180 मिनट से बढ़ाकर 195 मिनट कर दी गई है। वहीं अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रफ वर्क हेतु उपलब्ध कराई जाने वाली रफ शीट्स की संख्या भी बढ़ाई गई है।

परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों को फ्रेश री-नीट एडमिट कार्ड की दो प्रिंटेड प्रतियां, एक अतिरिक्त पासपोर्ट साइज फोटो और एक वैध फोटो पहचान पत्र (फोटो आईडी) साथ लाना अनिवार्य होगा।

कड़ी सुरक्षा के बीच होगी परीक्षा, कलेक्टर-एसएसपी ने शनिवार को किया था निरीक्षण।

हल्के रंग और आधी बांह के कपड़े पहनकर आना होगा

ड्रेस कोड को लेकर भी स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। अभ्यर्थियों को हल्के रंग के और आधी बांह वाले कपड़े पहनकर परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है। अधिक जेब वाले कपड़े, फुल स्लीव शर्ट, हाई हील वाले जूते और भारी आभूषण या एक्सेसरीज पहनने से बचने को कहा गया है। जांच प्रक्रिया को सुगम और त्वरित बनाने के लिए चप्पल या लो-हील सैंडल पहनकर आने की सलाह दी गई है।

इलेक्ट्रॉनिक सामान ले जाना प्रतिबंधित

परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर समेत किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी। प्रवेश से पहले सभी अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन और फ्रिस्किंग की जाएगी। प्रशासन ने प्रवेश समय को लेकर भी सख्ती बरती है।

दोपहर 1:30 बजे के बाद परीक्षा केंद्रों के गेट बंद कर दिए जाएंगे। अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड में दिए गए टाइम स्लॉट के अनुसार ही केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है, ताकि भीड़भाड़ से बचा जा सके और जांच प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके।

जिला प्रशासन ने किए विशेष सुरक्षा इंतजाम

परीक्षा के दौरान किसी भी स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर स्वास्थ्य कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा चार एंबुलेंस भी रिजर्व रखी गई हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

प्रश्न पत्रों की सुरक्षा के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। इसके तहत मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं, जो प्रश्न पत्रों के परिवहन से लेकर परीक्षा समाप्त होने और ओएमआर शीट जमा होने तक पूरी प्रक्रिया की निगरानी करेंगे। इसके साथ ही ऑब्जर्वर और केंद्रीय सुरक्षा बलों की भी तैनाती की गई है।

सोशल मीडिया पर रहेगी विशेष निगरानी

कलेक्टर अभीजीत सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के लिए अलग टीम गठित की गई है। जनसंपर्क अधिकारी की निगरानी में यह टीम इंस्टाग्राम, फेसबुक और एक्स जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नजर रखेगी। यदि कहीं भी पेपर लीक या भ्रामक जानकारी से संबंधित कोई पोस्ट सामने आती है, तो उसकी तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी

Related Articles

Back to top button