बीएसपी स्क्रैप चोरी मामले में …दो और आरोपी गिरफ्तार, अब तक 12 अरेस्ट:3.22 करोड़ की संपत्ति जब्त, संगठित गिरोह कर रहा था स्क्रैप चोरी और अवैध स्टोर
By Dinesh chourasiya

दुर्ग पुलिस ने भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) से लौह स्क्रैप चोरी करने वाले संगठित गिरोह के दो और सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की कुल संख्या 12 हो गई है। पुलिस ने अब तक 3 करोड़ 22 लाख रुपए मूल्य की संपत्ति जब्त की है।







पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी पिछले चार-पांच महीनों से योजना बनाकर फ्लू डस्ट ले जाने वाले वाहनों के जरिए बीएसपी का कीमती लौह स्क्रैप चोरी कर रहे थे।
पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने जांच में आकाश कुमार सिंह (29, जामुल निवासी) और अमित शर्मा उर्फ कैलाश शर्मा (45, सेक्टर-2 भिलाई निवासी) के खिलाफ सबूत जुटाए। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया। पुलिस के मुताबिक, दोनों एक संगठित गिरोह से जुड़े थे और स्क्रैप चोरी करने और चोरी के सामान को अवैध रूप से जमा करने का काम कर रहे थे।




इस संगठित चोरी का खुलासा 26 मई 2026 को मुखबिर की सूचना पर हुआ। पुलिस को ग्राम अकलोरडीह खदानपारा स्थित ए.के. ट्रेडर्स परिसर में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिली थी।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने प्लॉट क्रमांक-18, एचआईए हथखोज स्थित परिसर में छापा मारा। जांच के दौरान वहां खड़े कई हाईवा, ट्रक और अन्य वाहनों में फ्लू डस्ट के साथ बड़ी मात्रा में लौह प्लेट, बीम और कटिंग सामग्री भरी हुई पाई गई।
मौके पर अलग-अलग ढेरों में भारी मात्रा में लौह स्क्रैप भी संग्रहित मिला। प्रारंभिक जांच में ही पुलिस को बड़े पैमाने पर संगठित चोरी की आशंका हुई, जिसके बाद विस्तृत जांच शुरू की गई। यह भी सामने आया है कि स्क्रैप चोरी को फ्लू डस्ट के परिवहन की आड़ में अंजाम दिया जा रहा था।
फ्लू डस्ट की आड़ में बाहर निकाला जा रहा था लौह स्क्रैप
जांच में पता चला कि गिरोह के सदस्य भिलाई स्टील प्लांट से फ्लू डस्ट ले जाते समय उसमें लौह स्क्रैप मिलाकर चोरी-छिपे बाहर निकालते थे। बाद में इस स्क्रैप को ए.के. ट्रेडर्स के परिसर में जमा कर रखा जाता था। पुलिस के अनुसार, यह काम काफी समय से योजनाबद्ध तरीके से किया जा रहा था और इसका मकसद अवैध रूप से पैसा कमाना था।
250 टन लौह सामग्री सहित करोड़ों की जब्ती
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने लगभग 250 टन वजनी लौह प्लेट, बीम कटिंग और अन्य लौह सामग्री जब्त की। इसके अलावा स्क्रैप परिवहन और लोडिंग में उपयोग किए जा रहे कई वाहन एवं मशीनरी भी बरामद की गई।
जब्त सामग्री में हाईवा, ट्रक, टाटा वाहन, जेसीबी, हाईड्रा, चेन माउंटिंग मशीन और डस्ट छानने के लिए उपयोग की जाने वाली पांच लोहे की मशीनें शामिल हैं। पुलिस के अनुसार जब्त संपत्ति का कुल मूल्य लगभग 3 करोड़ 22 लाख रुपये आंका गया है, जिसमें करीब 90 लाख रुपए मूल्य का लौह स्क्रैप शामिल है।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में पहले ही 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था। दो नई गिरफ्तारियों के बाद कुल 12 आरोपी पुलिस गिरफ्त में आ चुके हैं। हालांकि गिरोह से जुड़े कुछ अन्य आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
संगठित अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई
दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चोरी, अवैध कारोबार और संगठित अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।







