
जिला प्रशासन बालोद द्वारा जिले को हराभरा बनाने ‘मिशन अंकुर’ की शुरुआत कलेक्टर ने आमजनों को सीड बॉल प्रदान कर अभियान का किया शुभारंभ
क्राइम रिपोर्टर रितेश कुमार की खबर








रितेश कुमार क्राइम रिपोर्टर (पत्रकार)
बालोद, 15 जून 2026




जिले को हराभरा और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में जिला प्रशासन बालोद द्वारा एक अभिनव पहल के रूप में ‘मिशन अंकुर’ की शुरुआत की गई। संयुक्त जिला कार्यालय के जनदर्शन कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने जनदर्शन में पहुंचे लोगों को सीड बॉल वितरित कर अभियान का शुभारंभ किया तथा उन्हें खाली एवं बंजर भूमि पर सीड बॉल फेंककर हरियाली बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री योगेश पटेल, दुर्ग वनमंडलाधिकारी श्री दीपेश कपिल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक, श्री अजय किशोर लकरा, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

कार्यक्रम में बताया गया कि सीड बॉल मिट्टी, खाद और विभिन्न उपयोगी वृक्षों के बीजों से तैयार की जाने वाली एक छोटी गेंद होती है। इसे रोपने के लिए गड्ढा खोदने की आवश्यकता नहीं होती। सीड बॉल को जंगलों, पहाड़ियों, हाई ट्रेंच, खाली जमीनों एवं बंजर क्षेत्रों में फेंका जाता है, जहां मानसून की बारिश के साथ यह अंकुरित होकर पौधे का रूप ले लेती है।

मिशन अंकुर के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से नीम, पीपल, बरगद, मुनगा, करंज, कटहल और इमली जैसी स्थानीय प्रजातियों के बीजों का उपयोग कर सीड बॉल तैयार किए गए हैं। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के स्व-सहायता समूहों द्वारा 2 लाख 50 हजार तथा वन विभाग द्वारा 1 लाख सीड बॉल तैयार किए गए हैं। इस प्रकार कुल 3 लाख 50 हजार सीड बॉल अभियान के लिए उपलब्ध कराए गए हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने जल संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों को पानी का सदुपयोग करने, सोखता गड्ढा एवं रेन वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाओं का निर्माण करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि गत वर्ष जिले में सभी के सहयोग से 3 लाख 50 हजार से अधिक पौधों का रोपण किया गया था। इस वर्ष हरियाली बढ़ाने के लक्ष्य को आगे बढ़ाते हुए जिले में 2 लाख 25 हजार से अधिक ट्रेंच का निर्माण किया गया है।
कलेक्टर ने जिलेवासियों से अपील की कि वे विभिन्न फलों एवं उपयोगी वृक्षों के बीजों को एकत्र कर उन्हें सुखाएं, मिट्टी से लपेटकर सीड बॉल बनाएं और खाली स्थानों पर फेंकें, ताकि वर्षा जल के संपर्क में आने पर वे अंकुरित होकर पौधों का रूप ले सकें। उन्होंने स्व-सहायता समूह की महिलाओं को सीड बॉल निर्माण में उनके योगदान के लिए धन्यवाद भी दिया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री योगेश पटेल एवं वनमंडलाधिकारी श्री दीपेश कपिल ने भी लोगों को वृक्षों के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए मिशन अंकुर से जुड़कर जिले को हराभरा बनाने का आह्वान किया। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी ने कहा कि पेड़ उगाने के लिए पौधारोपण के साथ-साथ सीड बॉल तकनीक भी एक प्रभावी और सरल माध्यम है, जिससे बड़ी संख्या में पौधों का प्राकृतिक विकास संभव हो सकता है।
इस अवसर पर बिहान स्व-सहायता समूह की महिलाएं एवं जनदर्शन में पहुंचे नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




