Uncategorized

दुर्ग रायपुर खारुन नदी पर नया फोरलेन पुल बनेगा:चंदनीडीह मोड़ पर 600 मीटर फ्लाईओवर भी बनेगा 

By Dinesh chourasiya

रायपुर-दुर्ग सीमा पर खारुन नदी के दोनों पुराने पुलों के बीच नया फोरलेन पुल बनाया जाएगा। इसके साथ ही एनएच-53 पर नंदनवन के पास चंदनीडीह मोड़ पर 600 मीटर लंबा फ्लाईओवर भी बनेगा। पीडब्ल्यूडी ने दोनों निर्माण के लिए 96 करोड़ रुपए का प्रस्ताव नेशनल हाईवे अथॉरिटी को भेजा है।

खारुन नदी पर अभी दो पुल हैं। दुर्ग से रायपुर की ओर जाने वाला पुल करीब 40 साल और रायपुर से दुर्ग की ओर जाने वाला 22 साल पुराना है। दोनों कमजोर हो चुके हैं। वहीं, एनएच-53 पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है।

इन पुलों से आज डेढ़ लाख वाहन गुजरते हैं। पहले इस मार्ग पर अधिकतम 40 टन क्षमता वाले वाहन चलते थे, जबकि अब 120 टन तक के भारी वाहन गुजर रहे हैं। बढ़ते ट्रैफिक और भार के कारण पुलों पर जाम के साथ सुरक्षा संबंधी खतरे भी बढ़ गए हैं। इसे देखते हुए पुराने पुलों के बीच पर नया फोरलेन पुल बनाने की योजना तैयार की गई है।

नया पुल दो हिस्सों में बनेगा। इसकी लंबाई करीब 200 मीटर होगी। दोनों हिस्सों की चौड़ाई 9.50-9.50 मीटर रखी जाएगी। नया पुल बनने के बाद पुराने दोनों पुलों का इस्तेमाल सर्विस लेन के रूप में किया जा सकेगा।

टाटीबंध से नेहरू नगर तक लगेंगे क्रैश बैरियर खारुन नदी पर नया पुल और चंदनीडीह में फ्लाईओवर बनाने वाली एजेंसी ही टाटीबंध से नेहरू नगर चौक तक हाईवे के दोनों ओर क्रैश बैरियर लगाएगी। सर्विस लेन को चौड़ा करने का काम भी इसी प्रोजेक्ट में शामिल किया गया है। इसी कारण क्रैश बैरियर लगाने के लिए पहले जारी की गई अलग निविदा निरस्त कर दी गई है।

चंदनीडीह मोड़ पर जाम से मिलेगी राहत एनएच-53 पर चंदनीडीह मोड़ के पास 30 मीटर चौड़ा फ्लाईओवर बनेगा। इस मार्ग से बड़ी संख्या में भारी वाहन चंदनीडीह और नंदनवन की ओर मुड़ते हैं। इसके कारण हाईवे पर वाहनों की रफ्तार थम जाती है। फ्लाईओवर बनने के बाद रायपुर से आने वाले भारी वाहन चंदनीडीह जाने के लिए टाटीबंध फ्लाईओवर समाप्त होते ही सर्विस लेन पर उतरना होगा।

खारुन नदी पर दोनों पुराने पुलों के बीच नया फोरलेन पुल बनाया जाएगा। चंदनीडीह में फ्लाईओवर की भी योजना है। दोनों कार्यों के लिए 96 करोड़ रुपए का प्रस्ताव एनएच को भेजा गया है। निर्माण एजेंसी ही टाटीबंध से नेहरू नगर चौक तक हाईवे के दोनों ओर क्रैश बैरियर लगाने और सर्विस लेन चौड़ी करने का काम करेगी।

Related Articles

Back to top button