छत्तीसगढ़ में 500 रूपये के लिए सास को पीठ पर ढोकर बैंक पहुंची बहू,:₹500 पेंशन के लिए 5 किलोमीटर पैदल चली, बोली- बैंक मित्र नहीं पहुंचा घर
By Dinesh chourasiya
छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में एक बहू अपनी 90 साल की सास को पीठ पर लादकर 5 किलोमीटर पैदल चलकर पेंशन लेने बैंक पहुंची। दरअसल, कुनवा के जंगलपारा स्थित घर से डेढ़ किलोमीटर दूर एक नाला पड़ता है, जिसके कारण वहां कोई गाड़ी नहीं पहुंच पाती है।
इसके बाद साढ़े 3 किलोमीटर का रास्ता और तय करना पड़ता है। महज 500 रुपए की पेंशन के लिए बुजुर्ग सास को इस तरह पीठ पर लादकर ले जाने का वीडियो भी सामने आया है। परिवार बेहद गरीब है, इसलिए उन्होंने किसी से मदद भी नहीं मांगी। बहू पहले भी कई बार इसी तरह अपनी सास को उठाकर बैंक ले जा चुकी है।







बैंक ने अब महिला को 3 महीने की रुकी हुई पेंशन के 1500 रुपए दे दिए हैं। बहू ने बताया कि पहले बैंक मित्र घर पर ही पेंशन देने आता था, जिससे उन्हें सहूलियत होती थी। लेकिन पिछले कुछ महीनों से उसने घर आना बंद कर दिया।
वहीं केवाईसी (KYC) पूरा नहीं होने के कारण भी कई महीनों से पेंशन अटकी हुई थी। इसी वजह से शुक्रवार को बहू को मजबूरी में अपनी बुजुर्ग सास को पीठ पर लादकर 5 किलोमीटर दूर सेंट्रल बैंक तक पैदल लाना पड़ा।





यह पूरा मामला मैनपाट ब्लॉक का है। शुक्रवार को कुनिया के जंगलपारा की रहने वाली सुखमनिया अपनी 90 साल की सास सोनवारी को पीठ पर लादकर करीब 5 किलोमीटर दूर सेंट्रल बैंक पहुंची। यहां बैंक ने उसे 3 महीने की रुकी हुई पेंशन के 1500 रुपए दिए, जबकि खाते में चार महीने के कुल 2000 रुपए जमा थे।
बैंक पहुंची बहू सुखमनिया ने रोते हुए बताया कि पहले बैंक मित्र तपेश घर आकर पेंशन दे जाता था, लेकिन बाद में उसने घर पर पैसा देने से मना कर दिया। यही वजह है कि 3 महीने से भटकने के बाद उसे मजबूरी में सास को ढोकर बैंक लाना पड़ा।
जंगलपारा के रास्ते में नाला पड़ने के कारण वहां कोई गाड़ी नहीं चलती, इसलिए वह पैदल ही बैंक पहुंची। बुजुर्ग सोनवारी को महतारी वंदन योजना का लाभ भी नहीं मिलता, उन्हें सिर्फ वृद्धावस्था पेंशन के 500 रुपए ही मिलते हैं।
बैंक मैनेजर बोले- घर पर ही पेंशन देने की व्यवस्था
इस पूरे मामले पर नर्मदापुर सेंट्रल बैंक के मैनेजर मिर्जा अल्ताफ बेग का कहना है कि मैनपाट इलाके में वृद्धावस्था पेंशन घर तक पहुंचाने की व्यवस्था है और इसके लिए बैंक के 8 बैंक मित्र काम कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि जिन्हें भी पैसा निकालना होता है, उनके परिजन अगर बैंक में सूचना दे दें तो बैंक मित्र को उनके घर भेज दिया जाता है।
बैंक मित्र अब घर जाकर देंगे पेंशन- बैंक मैनेजर
मैनेजर ने सफाई देते हुए कहा कि सोनवारी के परिजनों ने बैंक में कोई सूचना नहीं दी थी और वे खुद ही उन्हें ढोकर बैंक ले आए, हमने उन्हें यहां नहीं बुलाया था।
अब परिजनों को समझा दिया गया है कि उन्हें बुजुर्ग महिला को लेकर बैंक आने की जरूरत नहीं है, आगे से बैंक मित्र उनके घर जाकर ही पैसा पहुंचा देगा।





