CG में कबाड़ गोदाम में भीषण आग,:धुएं का गुबार दूर तक दिखा, बगल में हीरो शोरूम से हटाई गईं बाइकें, मौके पर पहुंची फायर-ब्रिगेड
By Dinesh chourasiya
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में नेशनल हाईवे स्थित छातामुड़ा बाईपास रोड पर शनिवार को हीरो मोटरसाइकिल शोरूम के बगल में एक कबाड़ की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई।







आग इतनी तेज थी कि उसका धुआं काफी दूर से ही दिखाई दे रहा लगा। देखते ही देखते पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए।





फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां आग बुझाने में जुटी
स्थानीय लोगों ने तुरंत आग बुझाने की कोशिश शुरू की और साथ ही फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की गई।
प्रशासन ने एहतियात के तौर पर नेशनल हाईवे के एक हिस्से को कुछ समय के लिए बंद कर दिया, जिससे वहां लंबा जाम लग गया।
आग शोरूम तक न पहुंचे, इसलिए हटाई गईं बाइकें
वहीं, आग पास में ही स्थित हीरो शोरूम तक न पहुंचे, इसके लिए कर्मचारियों और लोगों ने मिलकर शोरूम में खड़ी कई बाइकों को बाहर निकालकर सुरक्षित जगह पर पहुंचाया। समय रहते बाइकों को हटाए जाने से बड़ा नुकसान टल गया।
फिलहाल आग लगने की वजह साफ नहीं हो पाई है और कबाड़ दुकान में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर मौजूद रहकर हालात पर नजर बनाए हुए है।





