Uncategorized

दुर्ग में मधुमक्खियों के हमले से बुजुर्ग मजदूर की मौत:फार्म हाउस में छत्ता गिरने से हुआ हादसा, जान बचाकर भागे मजदूर

By Dinesh chourasiya

दुर्ग जिले के गनियारी स्थित एक सब्जी फार्म हाउस में मंगलवार सुबह मधुमक्खियों के हमले से एक बुजुर्ग मजदूर की मौत हो गई। घटना के बाद फार्म हाउस में काम कर रहे अन्य मजदूर जान बचाकर भागे।

फार्म हाउस के मैनेजर भाविक टांक ने बताया कि सुबह करीब 9:30 बजे जब वे फार्म पहुंचे, तो ट्रैक्टर ड्राइवर ने उन्हें मजदूर रमेश भोई पर मधुमक्खियों के हमले की सूचना दी।

ड्राइवर के अनुसार, एक पेड़ की डाल पर लगा मधुमक्खियों का छत्ता तेज हवा के कारण टूटकर नीचे गिर गया। इसके बाद भड़की मधुमक्खियों ने आसपास काम कर रहे मजदूरों पर हमला कर दिया।

हमले के दौरान मौके पर मौजूद अन्य मजदूर और ट्रैक्टर ड्राइवर भागने में सफल रहे। हालांकि, 60 वर्षीय रमेश भोई की शारीरिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वे तेजी से चल नहीं पाए और मधुमक्खियों के हमले से बच नहीं सके, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

मजदूरा को बचाने हरसंभव प्रयास किया गया

मैनेजर भाविक टांक ने बताया कि रमेश को बचाने के लिए उन पर पानी डाला गया और कंबल से ढककर मधुमक्खियों से बचाने का प्रयास किया गया।

इसके बाद उन्हें तुरंत रसमढ़ा के स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें दुर्ग जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दुर्ग जिला अस्पताल में इलाज के दौरान रमेश भोई ने दम तोड़ दिया।

रमेश भोई (60 वर्ष), मूल रूप से ओडिशा के बलांगीर जिले के निवासी थे। वे अपनी पत्नी अष्टमी भोई (65 वर्ष) के साथ पिछले 12 वर्षों से गनियारी के रितेश टांक के सब्जी फार्म हाउस में काम कर रहे थे। दंपती की कोई संतान नहीं है।

पोस्टमार्टम के बाद सौंपा जाएगा शव

फिलहाल शव का पोस्टमार्टम जारी है। आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा

Related Articles

Back to top button