रायपुर में पति ने ससुराल में पहुंचकर दो सालियों को मारी गोली दोनों की मौत पत्नी से हुआ था विवाद; खुद थाने जाकर सरेंडर किया
By Dinesh chourasiya

रायपुर के मोवा में नशे में धुत बाउंसर ने पत्नी से विवाद के बाद अपनी दो सालियों की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी जितेंद्र वर्मा उर्फ जित्तू पत्नी के कैरेक्टर पर शक करता था, जिससे नाराज होकर वह बच्चे को लेकर मायके चली गई थी।







मंगलवार रात जितेंद्र लाइसेंसी पिस्टल लेकर ससुराल पहुंचा और बच्चे से मिलने की जिद करने लगा। जब साली गीतांजलि (26) और दुर्गेश्वरी (24) ने उसे समझाने की कोशिश की, तो उसने फायरिंग कर दी।
माथे पर गोली लगने से गीतांजलि की मौके पर मौत हो गई, जबकि दुर्गेश्वरी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वारदात के बाद आरोपी ने थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया।






दरअसल, पति जीतेंद्र वर्मा उर्फ जित्तू बाउंसर का काम करता है। वह पत्नी खिलेश्वरी के कैरेक्टर पर शक करता था। ऐसे में आए दिन दंपती में विवाद होते रहता था। मंगलवार को विवाद के बाद पत्नी बच्चे के साथ ससुराल चली गई थी, जीतेंद्र का पत्नी से संपर्क नहीं हो रहा था।
ऐसे में वह रात करीब 9 से 9.30 बजे के बीच मोवा बाजार के पास स्थित ससुराल में लाइसेंसी पिस्टल लेकर पहुंच गया और बच्चे से मिलने की जिद करने लगा। इस दौरान उसकी सालियां गीतांजलि और दुर्गेश्वरी बाहर आईं और उसे समझाकर वापस जाने को कहा।


तड़प-तड़पकर तोड़ा दम
इसी बात से नाराज जीतेंद्र पिस्टल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में एक गोली गीतांजलि के माथे पर लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर गई और तड़पती रही। वहीं दूसरी गोली दुर्गेश्वरी के पीठ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी।

आसपास के लोगों ने तुरंत दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने गीतांजलि को मृत घोषित कर दिया, जबकि दुर्गेश्वरी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार नहीं हुआ, बल्कि घर के बाहर निकला और सड़क में हवाई फायरिंग की। इसके बाद थाने पहुंचा और सरेंडर किया।
पत्नी पर शक करता था आरोपी
पड़ोस में रहने वाले लोगों ने बताया कि आरोपी अपनी पत्नी पर शक करता था, जिसके कारण उसका पत्नी से आए दिन विवाद होता था। मंगलवार को भी आरोपी जब ससुराल पहुंचा तो उसका ससुराल पक्ष से विवाद हुआ था। विवाद के बाद आरोपी ने अपनी साली पर फायरिंग कर दी।
आरोपी से लाइसेंसी पिस्टल बरामद
मौके पर पहुंचे पुलिस उपायुक्त मयंक गुर्जर ने midia से चर्चा के दौरान बताया कि घरेलू विवाद के बाद आरोपी बाउंसर ने फायरिंग की है। आरोपी को हिरासत में लेकर पिस्टल भी बरामद कर ली गई है। मामले में जांच जारी है और पूरी जानकारी कार्रवाई के बाद साझा की जाएगी।




