दुर्ग के उतई में भातरमाला प्रोजेक्ट में लगे कर्मचारी को हाईवा ने कुचला, मौत तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आया, मौक पर ही तोड़ा दम
By Dinesh chourasiya

भिलाई के पास उतई इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। भारतमाला प्रोजेक्ट का कार्य उतई में जारी है। इस दौरान ड्यूटी में लगे कर्मचारी को हाईवा ने कुचल दिया। इससे गाड़ी इंट्री ऑपरेटर की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने मामले में उतई थाना में शिकायत दर्ज करवाई है और सख्त कार्रवाई की मांग की है।







मृतक के भाई दुर्गेश बघेल का कहना है कि उनका भाई विजय बघेल भारत माला परियोजना के तहत बन रही 6 लेन सड़क पर एसएमएस कंपनी में गाड़ी एंट्री का काम करता था। घटना के समय वह खोपली रोड पर सड़क किनारे अपनी ड्यूटी कर रहा था। इसी दौरान एक तेज रफ्तार हाईवा ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि हाईवा क्रमांक CG07CD1808 को चालक रुपेश ठाकुर चला रहा था।




मौके पर ही हो गई मौत बड़े भाई दुर्गेश बघेल ने कहा कि वाहन काफी तेज गति में था और लापरवाही से चलाया जा रहा था। इसी वजह से चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और सड़क किनारे खड़े विजय को चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि विजय की मौके पर ही मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। आरोपी चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बड़े भाई ने पुलिस से की शिकायत घटना की सूचना मृतक के बड़े भाई को मोबाइल फोन के जरिए मिली। मृतक के भाई ने इस पूरे मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनके भाई की कोई गलती नहीं थी, वह अपनी ड्यूटी कर रहा था। ऐसे में लापरवाह चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों। बताया जा रहा है कि भारतमाला प्रोजेक्ट में सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं हैं, जैसे स्पीड कंट्रोल, संकेत बोर्ड और निगरानी नहीं की जा रही है।
कंपनी ने मृतक को मुआवजा देने का किया वादा हादसे के बाद एसएमएस कंपनी भारतमाला परियोजना के एचआर मैनेजर ने मृतक विजय बघेल के परिजनों को तत्काल 2 लाख रुपए की सहायता राशि के साथ ही 5 लाख रुपए की राशि देने का वादा किया है। इसके अलावा बीमा की राशि भी परिजनों को जल्द ही देने की बात कही है।




