बिलासपुर में दिनभर तेज धूप के बाद बारिश:कोरबा-मुंगेली समेत कई जिलों में आंधी-तूफान का अलर्ट, बिजली गिरने की आशंका
By Dinesh chourasiya
छत्तीसगढ़ में मौसम ने करवट ली है। मौसम विभाग ने सोमवार शाम 3 घंटे के लिए थंडरस्टॉर्म का अलर्ट जारी किया है। शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। कुछ इलाकों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।







मौसम विभाग ने बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मुंगेली और कोरिया में गरज-चमक के साथ तूफान का अलर्ट जारी किया है। यहां 40-60 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश और बिजली गिरने की आशंका है।
वहीं बिलासपुर में सोमवार को दिनभर तेज धूप और भीषण गर्मी के बाद शाम होते-होते आसमान में काले बादल छा गए। इसके बाद तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई, जिससे लोगों को लू के थपेड़ों और उमस भरी गर्मी से राहत मिली।




इन जिलों में हल्की आंधी-बारिश की चेतावनी
महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में 30-40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलने, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई गई है।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है। किसानों और ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।
तापमान में गिरावट के आसार
तेज आंधी और बारिश से कई इलाकों में गर्मी से राहत मिल सकती है। बीते दिनों पड़ रही भीषण गर्मी के बीच इस बदलाव से तापमान में गिरावट की संभावना जताई गई है।





