Uncategorized

भिलाई के सेक्टर 7 में फैला पीलिया, 15 नए मरीज मिले:2 बच्चे की हालत गंभीर, पुराने पाइपलाइन बदलने का काम शुरू

By Dinesh chourasiya

भिलाई के सेक्टर-7 इलाके में पीलिया फैला हुआ है। सड़क 37-38 के आसपास करीब 145 घरों में रहने वाले कई बच्चे पीलिया से संक्रमित पाए गए हैं। बच्चों के चेहरे और आंखों में पीलापन साफ दिख रहा है। जिससे इलाके में डर का माहौल बना हुआ है।

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शुक्रवार को सर्वे कर 15 नए मरीजों की पहचान की है। इनमें दो बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहां पहले से भर्ती दो मरीजों को छुट्टी दे दी गई है। अभी 4 बच्चों का इलाज चल रहा है।

प्रभावित क्षेत्र के 110 घरों का सर्वे

स्वास्थ्य विभाग के जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. सीबीएस बंजारे ने बताया कि, टीम ने प्रभावित क्षेत्र के 110 घरों का सर्वे किया। इस दौरान बच्चों और बड़ों की जांच की गई। 3 घरों से पानी के सैंपल लेकर जांच के लिए चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज की माइक्रोबायोलॉजी लैब भेजा गया है।

वहीं, बीएसपी प्रबंधन और भिलाई निगम की टीम ने भी पानी के सैंपल लिए हैं। अधिकारियों ने अपील की है कि, क्षेत्र के लोग उबला हुआ पानी पिएं, बाहर का खाना न खाएं, साफ-सफाई का ध्यान रखें और लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी अस्पताल में जांच कराएं। फिलहाल प्रशासन का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन निगरानी जारी रहेगी।

नालियों में डूबी पाइपलाइन को बदलने का काम शुरू

बीएसपी प्रबंधन ने इलाके में गटर में डूबी पाइप लाइन को बदलने का काम शुरू कर दिया है। मुख्य पाइप लाइन से लेकर घरों तक की पुरानी पाइप लाइन हटाकर नई लाइन डाली जा रही है।

अधिकारियों का कहना है कि, पाइप लाइन में गंदा पानी मिलने की आशंका है, इसलिए इसे पूरी तरह बदला जा रहा है। जल संकट की स्थिति न बने, इसके लिए भिलाई निगम प्रशासन ने प्रभावित इलाके में टैंकर से पीने के पानी की सप्लाई शुरू कर दी है। लोगों से साफ और उबला हुआ पानी पीने की सलाह दी जा रही है।

25 से ज्यादा मरीज आ चुके हैं सामने

स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि, अब तक कुल 25 बच्चे पीलिया की चपेट में आ चुके हैं। शुक्रवार को जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. सीबीएस बंजारे के मार्गदर्शन में सिविल हॉस्पिटल सुपेला के प्रभारी डॉ. पियाम सिंह, जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट रितिका सोनवानी, सुपरवाइजर विजय सेजुले, बीईटीओ हितेंद्र कोसरे और स्थानीय स्वास्थ्य टीम ने क्षेत्र का दौरा किया और लोगों से बातचीत की।

डॉक्टरों के अनुसार, पीलिया गंदे पानी और दूषित भोजन से फैलने वाली बीमारी है। इसके लक्षण 15 से 50 दिनों के बीच दिखाई देते हैं। मरीज को भूख कम लगना, पेशाब पीला होना, उल्टी आना, कमजोरी, सिर दर्द, पेट के दाहिने हिस्से में दर्द, आंख और त्वचा पीली होना जैसे लक्षण दिखते हैं।

Related Articles

Back to top button