Uncategorized

दुर्ग में 5 साल की बच्ची बंद बोरे में मिली:तकिया कवर से बंधा था मुंह, डरी सहमी मासूम का इलाज जारी पुलिस जांच में जुटी

By Dinesh chourasiya

 जिले में 5 साल की एक मासूम बच्ची बोरे में बंद हालत में कुएं के किनारे मिलने से इलाके में मिली। बच्ची का मुंह तकिया के कवर से बांधा गया था और उसे बोरे में बंद कर फेंक दिया गया था।

कई घंटे तक लापता रहने के बाद गांव वालों की तलाश के दौरान बच्ची मिली, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामला उतई थाना क्षेत्र का है। वजह अभी सामने नहीं आ पाई है। पुलिस ने 1 संदिग्ध को हिरासत में लिया है, जांच जारी है।

डरी सहमी हालत में थी बच्ची

जानकारी के अनुसार, बच्ची अचानक लापता हो गई थी। परिवार और गांव के लोगों ने आसपास के इलाकों में तलाश शुरू की। पूरा गांव मिलकर बच्ची को ढूंढने में जुट गया।

काफी देर खोजबीन के बाद दो युवकों ने कुएं के पास एक बोरा पड़ा देखा। शक होने पर जब बोरा खोला गया तो अंदर बच्ची मिली, जिसका मुंह तकिया के खोल से बंधा हुआ था और वह डरी-सहमी हालत में थी।

बच्ची को तुरंत बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने बताया कि बच्ची काफी घबराई हुई है। उसका मेडिकल एग्जामिनेशन किया जा रहा है, जिसके बाद ही साफ हो पाएगा कि उसके साथ क्या हुआ है।

एक संदिग्ध हिरासत में

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची और सबूत जुटाए। कुएं के पास और आसपास के इलाके की जांच की गई। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और पूछताछ के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो पाएगा।

हर एंगल से जांच जारी

घटना के बाद बड़ी संख्या में गांव के लोग उतई थाने पहुंच गए और बच्ची को न्याय दिलाने की मांग करने लगे। लोगों में घटना को लेकर गुस्सा और चिंता दोनों देखने को मिली।

पुलिस ने लोगों को भरोसा दिलाया है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल बच्ची अस्पताल में भर्ती है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button