Uncategorized

दुर्ग में साहू समाज ने की पुलिस अधीक्षक से NSUI नेता की गिरफ्तारी की मांग:ट्रैफिक टीआई को चुड़ी और साड़ी भेंट करने पहुंचे थे NSUI नेता, 

By Dinesh chourasiya

ड्यूटी के दौरान एनएसयूआई नेता द्वारा ट्रैफिक टीआई से अभद्र व्यवहार और उन्हें साड़ी-चूड़ी भेंट करने की कोशिश के मामले में अब साहू समाज भी सामने आ गया है। एनएसयूआई नेता वरुण केवलतानी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शनिवार को दुर्ग जिला साहू संघ ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल को ज्ञापन सौंपकर उसकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।

एसपी कार्यालय पहुंचकर साहू समाज ने की नेता के गिरफ्तारी की मांग।

मामला 7 फरवरी 2026 का बताया जा रहा है। दुर्ग यातायात पुलिस में निरीक्षक के पद पर पदस्थ युवराज साहू ड्यूटी पर थे, इसी दौरान एनएसयूआई नेता वरुण केवलतानी अपने साथियों के साथ वहां पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने टीआई को ड्यूटी पर जाने से रोका और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। इतना ही नहीं, उन्हें साड़ी और चूड़ी भेंट करने का प्रयास भी किया गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

गजेंद्र यादव पर कार्रवाई की मांग को लेकर पहुंचे थे नेता बता दें कि एनएसयूआई नेता वरुण केवलतानी, दुर्ग में गजेंद्र यादव के खिलाफ चालानी कार्रवाई की मांग को लेकर ट्रैफिक टीआई के पास पहुंचे थे। इसी दौरान विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। मामले को लेकर कोतवाली थाना में आरोपी के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया गया है, लेकिन अब तक गिरफ्तारी नहीं होने से साहू समाज में नाराजगी देखी जा रही है।

जल्द से जल्द गिरफ्तार की मांग दुर्ग जिला साहू संघ के अध्यक्ष नंदलाल साहू ने कहा कि ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारी के साथ इस तरह का व्यवहार निंदनीय है। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपी की जल्द गिरफ्तारी नहीं की गई तो साहू समाज उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा। इधर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और विधि अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

दो दिन पहले कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने एफआईआर को बताया था गलत वहीं दो दिन पहले ही कांग्रेस दुर्ग शहर जिला अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल कलेक्ट्रेट पहुंच कर एनएसयूआई नेता वरुण केवलतानी व अन्य कार्यकर्ताओं पर एफआईआर को गलत बताते हुए कार्रवाई को रद्द करने की मांग की थी। कांग्रेस का कहना है कि संवैधानिक तरीके से कार्यकर्ता अपनी बात रख रहे थे, वहीं दूसरी ओर शिक्षा मंत्री पर कार्रवाई न करने पर भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए थे। वहीं अब साहू समाज ने दूसरी ओर वरुण केवलतानी की गिरफ्तारी की मांग कर रहा है।

Related Articles

Back to top button