इंडिया–पाकिस्तान मैच से पहले सटोरीयो को पुलिस की टीम ने दबोचा:ऑनलाइन खिला रहे थे सट्टा, 1.80 लाख कैश, मोबाइल, चेकबुक और कई दस्तावेज जब्त
By Dinesh chourasiya

रायपुर के तिल्दा नेवरा में इंडिया-पाकिस्तान मैच से पहले ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले सटोरी को पुलिसकर्मियों ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 1 लाख 80 हजार कैश सहित मोबाइल, बैंक दस्तावेज और सट्टे से जुड़े कई सामान जब्त हुआ है।
आरोपी का नाम हरियाणा निवासी जितेन्दर बिरला उर्फ बबलू बताया जा रहा है। आरोपी किराए के मकान में रहकर सट्टा सिंडिकेट चला रहा था। उसके साथियों की तलाश पुलिस कर रही है।








अब पढ़िए क्या है पूरा मामला
पुलिस को सूचना मिली थी कि, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी कोहका स्थित एक मकान में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाया जा रहा है। ग्रामीण पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देश पर निरीक्षक रमाकांत तिवारी की टीम ने रेड मारी। इस दौरान ऑनलाइन प्लेटफार्म 777 GRAND EXCHANGE–JMD BET से सट्टा खिला रहे जितेंद्र बिरला उर्फ बबलू को हिरासत में लिया गया।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने ऑनलाइन सट्टा खिलाने की बात स्वीकारी। आरोपी के पास से पुलिसकर्मियों ने 1.80 लाख रुपए कैश, तीन मोबाइल (कीमत करीब 75 हजार रुपए), 20 बैंक पासबुक, 10 चेकबुक, 14 एटीएम कार्ड, आधार-पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, सट्टे का हिसाब-किताब रजिस्टर, कैलकुलेटर और अन्य सामग्री सहित 2.55 लाख का सामान जब्त किया है।





अब पढ़िए पुलिस अधिकारियों ने क्या कहा
इस मामले में माना एसडीओपी लंबोदर पटेल ने मीडिया से चर्चा के दौरान बताया कि, सट्टा खिलाने वाले आरोपी जितेंद्र बिरला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। आरोपी तिल्दा नेवरा में कब से सक्रिय था। उसके सिंडिकेट में कौन–कौन था? इसका पता लगाया जा रहा है। सिंडिकेट से जुड़े सभी सदस्यों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।




