Uncategorized

बिलासपुर में अब QR कोड से पुलिस अफसरों तक शिकायत:IPS रामगोपाल गर्ग बोले- टेक्नालॉजी पर पुलिस की बढ़ाएंगे दक्षता, नवपदस्थ आईजी ने संभाला कार्यभार

By Dinesh chourasiya

बिलासपुर में अब QR कोड से पुलिस अफसरों तक शिकायत IG रामगोपाल गर्ग बोले- टेक्नालॉजी पर पुलिस की बढ़ाएंगे दक्षता, नवपदस्थ आईजी ने संभाला कार्यभार

बिलासपुर पुलिस रेंज में अब स्मार्ट पुलिसिंग के साथ ही टेक्नालॉजी पर काम होगा। इसके जरिए पुलिस की दक्षता बढ़ाई जाएगी। 2007 बैच के IPS रामगोपाल गर्ग ने रेंज आईजी का पदभार ग्रहण करते ही स्पष्ट किया है कि, अब थानेदारों की मनमानी नहीं चलेगी। रेंज के हर थाने में क्यूआर कोड लगाए जाएंगे। जिससे पीड़ित सीधे बड़े अधिकारियों तक अपनी बात पहुंचा सकेंगे।

दरअसल, राज्य शासन ने बिलासपुर आईजी डॉ. संजीव शुक्ला को रायपुर का पुलिस कमिश्नर बनाया है। उनकी जगह रामगोपाल गर्ग को आईजी की जिम्मेदारी दी गई है। शुक्रवार की शाम उन्होंने कार्यभार ग्रहण कर लिया है। मीडिया से बातचीत करते हुए नवपदस्थ आईजी रामगोपाल गर्ग ने पुलिसिंग को बेहतर और आधुनिक बनाने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि पुलिसिंग को पारदर्शी बनाने के लिए आधुनिक तकनीक और मोबाइल एप का सहारा लिया जाएगा। दुर्ग रेंज में सफल रहे त्रिनयन और सशक्त ऐप का प्रयोग अब बिलासपुर में भी दोहराया जाएगा, जिससे अपराधियों की शिनाख्त और गिरफ्तारी में तेजी आएगी।

धारा जोड़ने और घटाने वालों की खैर नहीं

आईजी ने कड़े लहजे में चेतावनी दी कि, यदि थाने का स्टाफ गलत मंशा से बीएनएस की धाराओं को जोड़ने या घटाने का काम करेगा, तो उनके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा। हमारा लक्ष्य है कि आम नागरिक सुरक्षित और सुकून भरा जीवन जिए। साथ ही, उन्होंने फर्जी शिकायतकर्ताओं को भी आगाह किया कि, तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश करने वालों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अपराध और समस्या पर चर्चा के बाद तय करेंगे प्राथमिकताएं

आईजी गर्ग ने कहा कि, बिलासपुर रेंज में बढ़ते अपराध और लोगों की समस्याओं को लेकर पहले पुलिस अफसरों से चर्चा की जाएगी। कोशिश होगी कि जो बेहतर काम किए जा रहे हैं। उस पर फोकस किया जाए। जो कमियां होंगी उसे दूर करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अफसरों से बातचीत के बाद प्राथमिकताएं तय की जाएगी।

Related Articles

Back to top button