Uncategorized

CG में कार-ट्रक की टक्कर, कांग्रेस नेता-टीचर समेत 2 की मौत:नशे में थे, मोड़ पर आमने-सामने टक्कर, स्टीयरिंग में फंसा रहा ड्राइवर का शव

By Dinesh chourasiya

छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में सड़क हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई। दुम्हारी मोड़ के पास एक कार और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें कार सवार दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना बिलाईगढ़ थाना क्षेत्र की है।

भटगांव की ओर से दो युवक कार में सवार होकर बिलाईगढ़ आ रहे थे, दोनों नशे में थे। इसी दौरान बिलाईगढ़ क्षेत्र से धान लोड कर एक ट्रक सरसीवां की ओर जा रहा था। दुम्हारी मोड़ के पास कार बेकाबू होकर ट्रक में जा घुसी। ट्रक भी स्पीड में थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के सामने का हिस्सा पूरी तरह डैमेज हो गया।

सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों का शव बाहर निकाला। बताया जा रहा है इसमें कार ड्राइव कर रहे युवक का शव स्टीयरिंग में फंसा था। जिसे निकालकर अस्पताल भेजा गया। मृतकों में यशवंत कुमार टंडन (37 साल) कांग्रेस का युवा नेता था और रूपेंद्र कुमार देवांगन (35 साल) शिक्षाकर्मी सहायक ग्रेड 2 के पद पर पदस्थ था।

पुलिस की मौजूदगी में शव बाहर निकाला

सूचना मिलने पर बिलाईगढ़ पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी शिव कुमार धारी ने बताया कि कार सवार दोनों युवकों के शवों को बाहर निकाला गया। एक युवक का शव कार की स्टीयरिंग में फंस गया था, जिसे निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। दोनों को अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान ग्राम ताड़ापारा (बिलाईगढ़) निवासी यशवंत कुमार टंडन और बिलाईगढ़ निवासी रूपेंद्र कुमार देवांगन के रूप में हुई है।

यशवंत कुमार टंडन और रूपेंद्र कुमार देवांगन की सड़क हादसे में जान चली गई।
.
.

शराब का सेवन करने के बाद अपने घर लौट रहे थे

थाना प्रभारी ने बताया कि शुरुआती जांच में हादसे का कारण नशे में कार चलाना लग रहा है। जांच में पता चला है कि कार में सवार लोग भटगांव क्षेत्र से शराब पीकर आ रहे थे। उनके पीछे चल रहे वाहन चालकों ने पुलिस को बताया कि जमगहन के पास भी वे एक व्यक्ति को टक्कर मारने से बाल-बाल बचे थे। हालांकि, शराब सेवन की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

बता दें कि, सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। बिलाईगढ़ थाना क्षेत्र में पिछले दो दिनों में यह दूसरा बड़ा हादसा है, जिसमें कुल तीन लोगों की मौत हो चुकी है और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है।

Related Articles

Back to top button